सड़क हादसे में MANIT छात्र की मौत; भोपाल में डिवाइडर से टकराकर नाली में गिरी बाइक
भोपाल की पुरानी जेल रोड पर तेज रफ्तार रेंटल बाइक डिवाइडर से टकराकर नाली में जा गिरी। हादसे में मैनिट के बीटेक प्रथम वर्ष के 19 वर्षीय छात्र अथर्व नागर की मौत हो गई।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 09:12:59 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 09:15:41 AM (IST)
मृतक अथर्व नागर। सौ- पुलिसHighLights
- भोपाल की पुरानी जेल रोड पर हादसा
- बाइक डिवाइडर से टकराकर नाली में गिरी
- 19 वर्षीय छात्र अथर्व नागर की मौत हो गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पुरानी जेल रोड पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात तेज रफ्तार रेंटल बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क किनारे नाली में जा गिरी। हादसे में मैनिट के बीटेक प्रथम वर्ष के 19 वर्षीय छात्र अथर्व नागर की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठी उसकी महिला मित्र इशिता घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, देवास निवासी अथर्व ने इसी साल मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में बीटेक प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता संजीव नागर किसान हैं।
रेंटल बुलेट से हुआ हादसा
शुक्रवार रात अथर्व दोस्तों के साथ घूमने निकला था। उसने अशोकागार्डन क्षेत्र से रेंटल बुलेट ली थी। दोस्तों की दो अन्य बाइक भी साथ थीं। रात करीब एक बजे सभी कोर्ट चौराहे से बोट क्लब होते हुए पुरानी जेल रोड की घाटी पर पशु चिकित्सालय के सामने मोड़ पर अथर्व बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका। बाइक डिवाइडर से टकराकर सड़क पर फिसली और नाली में जा गिरी।
पीछे बैठी युवती भी घायल
अथर्व के सिर, चेहरे और पेट में गंभीर चोटें आईं तथा दांत टूट गए। इशिता को भी चोट लगी। अथर्व को गंभीर हालत में हमीदिया से निजी अस्पताल रेफर किया गया था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अरेरा हिल्स पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।