नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। गुरुवार को खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 21 शहरों में तापमान 40 से 45.8 डिग्री के बीच रहा। इंदौर में हल्की बारिश (0.1 मिमी) ने थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप और लू का असर जारी है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। शुक्रवार से प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की शुरुआत हो सकती है। शनिवार से कई जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। 15 जून को मानसून के मध्य प्रदेश में दस्तक देने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के विज्ञानी अभिलाष श्रीवास्तव के अनुसार वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी और बालुरघाट तक पहुंच चुकी है। पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और उनके आसपास के क्षेत्रों में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात सक्रिय हैं। इससे गर्म हवाएं मध्य प्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे गर्मी का असर बरकरार है।
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा पर बने चक्रवात और कर्नाटक तक फैली द्रोणिका के कारण मानसून के आगे बढ़ने की गति तेज हो सकती है। 14 जून से मानसून के प्रभाव बढ़ने की संभावना है। 15 जून को इसके प्रदेश में प्रवेश की उम्मीद है।
गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि शनिवार से बारिश का सिलसिला शुरू होने की पूरी संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से भी कुछ हद तक निजात मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम के पूर्वानुमानों पर ध्यान देने की सलाह दी है।