भोपाल BU यूजी-पीजी रिजल्ट में बड़ी धांधली; परीक्षा में गैरहाजिर बताकर कई विद्यार्थियों को किया फेल
डेटा मैपिंग की गड़बड़ी के कारण कुछ विद्यार्थियों के दहाई में प्राप्तांक अंकसूची में सिंगल डिजिट यानी 1 से 9 तक दर्ज हो गए। एक विषय को दो अलग-अलग कोड से दर्ज करने जैसी त्रुटियां भी मिलीं।
Publish Date: Thu, 27 Aug 2026 09:47:08 PM (IST)Updated Date: Thu, 27 Aug 2026 09:47:08 PM (IST)
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल। फाइल फोटो।HighLights
- परीक्षा दी, फिर भी अनुपस्थित बताकर किया फेल
- डेटा मैपिंग में गड़बड़ी से बिगड़ गईं मार्कशीट
- रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी होगी ब्लैकलिस्ट
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) की यूजी और पीजी परीक्षाओं के परिणाम में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। कई विद्यार्थियों को परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद अनुपस्थित बताकर फेल कर दिया गया। वहीं, कुछ विद्यार्थियों के प्राप्तांकों को गलत दर्ज किए जाने से उनका रिजल्ट खराब हो गया।
बता दें कि विवि द्वारा करीब 1.30 लाख विद्यार्थियों की परीक्षाएं आयोजित की गई थीं, जिनमें लगभग 30 हजार बीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का परिणाम गुरुवार को जारी किया गया, जिसमें करीब 79 फीसद विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इससे पहले जारी परिणाम में करीब 25 फीसद विद्यार्थियों को एजेंसी की गलतियों के कारण फेल कर दिया गया था।
विश्वविद्यालय में करीब 20 से अधिक विद्यार्थियों की शिकायतें पहुंचीं, जिनकी जांच के बाद परिणाम में सुधार कर उन्हें संशोधित अंकसूची जारी करनी पड़ रही है। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी के पास पर्याप्त संसाधन नहीं होने से ऐसी समस्याएं सामने आई हैं।
अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी का एक साल का टेंडर दो माह बाद समाप्त हो रहा है और आगामी टेंडर में उसे ब्लैकलिस्ट करने पर भी विचार किया जा रहा है।
दहाई में अंक, अंकसूची में मिले 1 से 9 तक
विद्यार्थियों ने शिकायत की थी कि डबल डिजिट के अंकों को सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया। कई विद्यार्थियों के 90 से अधिक अंक होने के बावजूद अंकसूची में उन्हें एक से नौ तक अंक दिए गए। शिकायतों की जांच में रिजल्ट तैयार करने वाली इनफिनिटी एजेंसी की डेटा मैपिंग में गड़बड़ियां सामने आई हैं।
एक विषय दो बार दर्ज, प्रैक्टिकल में भी गलत उपस्थिति
एक विद्यार्थी की अंकसूची में 11 विषय दर्ज हैं, जबकि एक ही विषय डेटा एनालिसिस एंड विजुअलाईजेशन विद पाईथन को दो अलग-अलग कोड के साथ दो बार दर्शाया गया है। कई विषयों में क्रेडिट और ग्रेड प्वाइंट शून्य हैं और कुछ में रिजल्ट होल्ड लिखा गया है।
ऐसे विषयों में भी विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल में अनुपस्थित बताया गया, जिनमें प्रैक्टिकल होते ही नहीं हैं।
पहले के रिजल्ट में काफी गड़बड़ी सामने आई है। करीब 20 विद्यार्थियों की शिकायतें आई थीं, उनकी संशोधित अंकसूची जारी की जा रही है। आगामी टेंडर में इस एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने पर भी विचार किया जा रहा है। - प्रो. समर सिंह, कुलसचिव, बीयू