
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए देश की आयल मार्केटिंग कंपनियों ने प्रीमियम क्वालिटी के पेट्रोल एवं इंडस्ट्रीयल डीजल की कीमतें बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसका असर मामूली होगा। प्रीमियम पेट्रोल दो से ढाई रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा है। सामान्य पेट्रोल के दाम भी पहले की तरह सामान्य होंगे। देश की तीन बड़ी आयल मार्केटिंग कंपनियों ने बढ़ोतरी तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है।
इंडियन आयल अपना प्रीमियम पेट्रोल एक्सपी-95 के नाम से बेचती है। भारत पेट्रोलियम स्पीड-97 एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम पावर-95 के नाम से बेचती है। इस पेट्रोल के दाम सामान्य पेट्रोल के मुकाबले पहले ही अधिक हैं। अब देश भर में दो से ढाई रुपये प्रति लीटर तक इनका दाम बढ़ जाएगा।
भोपाल में प्रीमियम पेट्रोल के दाम में शुक्रवार से 2.18 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। भारत पेट्रोलियम के डीलर लवेश जनियानी के अनुसार पहले स्पीड पेट्रोल 114.11 रुपये प्रति लीटर था। अब इसका दाम 116.29 प्रति लीटर हो गया है। सामान्य ई-20 पेट्रोल पहले की तरह 106.55 रुपये प्रति लीटर है। सामान्य पेट्रोल में करीब 20 प्रतिशत एथेनाल मिलाई जाती है। प्रीमियम पेट्रोल में इसकी मात्रा 10 प्रतिशत या इससे भी कम रहती है।
सरकारी तेल कंपनियां प्रीमियम पेट्रोल को अलग-अलग ब्रांड नामों से बेचती हैं, जिनकी कीमतों में आज इजाफा हुआ है।
कंपनी- नए दाम (लीटर) - पुराने दाम (लीटर) - अंतर
HPCL (पावर) - ₹116.77 - ₹114.59 - ₹2.18
BPCL (स्पीड) - ₹116.29 - ₹114.11 - ₹2.18
IOCL (XP95) - ₹115.86 - ₹113.68 - ₹2.18
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पेट्रोल की कीमतों में इस अचानक वृद्धि का मुख्य कारण कच्चे तेल (Crude Oil) का महंगा होना है:
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र वासु ने कहा कि इजराइल-ईरान युद्ध के बीच प्रीमियम पेट्रोल थोड़ा महंगा हुआ है। इंदौर में 2 रुपये 18 पैसे दरें बढ़ाई गई है। जबकि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमत नहीं बढ़ी है। इनकी तुलना में प्रीमियम पेट्रोल की 2 से 3 प्रतिशत खपत रहती है।
इंदौर में ये है तीन कंपनियों के प्रीमियम पेट्रोल की दरें
कंपनी - वर्तमान दरें - नई दरें
हिंदुस्तान पेट्रोलियम पावर - 114.56 - 116.74
इंडियन आइल एक्स95 - 113.72 - 115.90
भारत पेट्रोलियम स्पीड - 114.10 - 116.28 (2 रुपये 18 पैसे वेट सहित)
जबलपुर में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने स्पीड पेट्रोल के दाम में 2 रुपये 19 पैसे की वृद्धि कर दी है। इसके बाद अब जबलपुर में स्पीड पेट्रोल 116.26 रुपये प्रति लीटर के भाव से बिक रहा है, जबकि पहले इसकी कीमत करीब 114.07 रुपये प्रति लीटर थी। वहीं, साधारण पेट्रोल अब 106.52 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.91 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।
पेट्रोल के दामों में इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल प्रमुख कारण है। साथ ही ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का भी असर पड़ा है। इधर यदि आने वाले दिनों में डीजल के दाम भी बढ़ते हैं, तो परिवहन लागत में इजाफा होगा। इसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल प्रीमियम ईंधन का उपयोग करने वाले वाहन स्वामियों की जेब पर बोझ बढ़ा है। यदि कच्चे तेल की कीमतें इसी स्तर पर बनी रहीं, तो आने वाले दिनों में सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी संशोधन की आशंका जताई जा रही है।