यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मऊगंज कांग्रेस विधायक ने की सीसीएफ पीके सिंह की पिटाई
कांग्रेस विधायक सुखेंद्र सिंह और उनके कार्यकर्ताओं ने आईएफएस अफसर पीके सिंह की लात-घूंसों से पिटाई कर दी।
By Edited By:
Publish Date: Sat, 02 Apr 2016 11:10:16 AM (IST)Updated Date: Sat, 02 Apr 2016 11:11:44 AM (IST)

भोपाल (ब्यूरो)। मऊगंज (रीवा) के कांग्रेस विधायक सुखेंद्र सिंह और उनके कार्यकर्ताओं ने आईएफएस अफसर पीके सिंह की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। मामला रीवा रेलवे स्टेशन का है। 28 मार्च की रात में भोपाल आते समय दोनों के बीच बातचीत के दौरान तू तू-मैं मैं होने लगी जो मारपीट तक पहुंच गई।
मुकुंदपुर चिड़ियाघर के निर्माण में अनियमितताओं को लेकर चर्चा में आए मुख्य वनसंरक्षक पीके सिंह 28 मार्च को रीवा से लौट रहे थे। विधायक सुखेंद्र सिंह ने बताया कि स्टेशन पर बिजली विभाग के कर्मचारी नवीन पांडे के माध्यम से सीसीएफ सिंह से परिचय हुआ। बातचीत के दौरान सीसीएफ सिंह ने कांग्रेस और बसपा के एक-एक विधायक पर पैसे मांगने के आरोप लगाए।
साथ ही कहा कि कोई विधायक उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। जब बात बढ़ी तो वे यहां तक बोल गए कि 10 विधायक तो उन्होंने ही बनवाए हैं। इस पर विधायक ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि आप मेरे ही सामने विधायकों के बारे में गलत बात कर रहे हैं।
बजाय गलती स्वीकारने के सीसीएफ सिंह बदतमीजी करने लगे, तो विधायक ने उन्हें दो चांटे मार दिए। विधायक सिंह का कहना है कि इसके बाद मेरे कार्यकर्ताओं ने भी उनकी पिटाई कर दी। उल्लेखनीय है कि सिंह ने रीवा सीसीएफ रहते हुए मुकुंदपुर जू का निर्माण कराया है। इसमें उन पर परिवार वालों को उपकृत करने का आरोप है। मामले में सिंह से बात करनी चाही, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हुए।