
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में जिस वर्ष आम की बौर ज्यादा आए, उस वर्ष खसरे के मामले भी ज्यादा आने की संभावना रहती है। ऐसा नहीं कि बौर का खसरे से कोई संबंध है, बल्कि चक्र ऐसा है कि हर चौथे वर्ष आम में बौर भी ज्यादा आती है और इस बीमारी के मामले भी।
2026 में अधिक मरीज मिलने का अंदेशा था और हुआ भी यही। वर्ष 2025 में एक वर्ष में 1300 मामले प्रदेश में आए थे, इस वर्ष के शुरुआती चार माह में ही 800 रोगी मिल चुके हैं। लैब जांच में इनमें बीमारी की पुष्टि हो चुकी है। इनमें आउट ब्रेक (बीमारी का अचानक फैलाव) और नियमित मामले भी हैं।
बता दें कि क्षेत्र विशेष में किसी साल जब पांच या अधिक केस मिलते हैं तो इसे आउट ब्रेक माना जाता है और तत्काल रोकथाम के उपाय करने होते हैं। स्वास्थ्य विभाग हेल्थ मैनेजमेंट इनफारमेशन सिस्टम (एचएमआइएस) की रिपोर्ट के अनुसार 96 प्रतिशत बच्चों को खसरे से बचाव के टीका की दोनों डोज लगी हुई है। विशेषज्ञ इन आंकड़ों पर भी प्रश्न उठा रहे हैं।
उधर, स्वास्थ्य आयुक्त धनराजू एस ने भी एक दिन पहले समीक्षा के दौरान कहा है कि एचएमआइएस की जगह भारत सरकार के यू-विन पोर्टल का आंकड़ा मान्य किया जाए। विशेषज्ञ भी कहते हैं कि टीकाकरण का भौतिक सत्यापन कराया जाना चाहिए।
मार्च 2026 की स्थिति में सबसे अधिक 123 मामले रतलाम में सामने आए हैं, जबकि पिछले वर्ष मात्र 23 मामले सामने आए थे। इसके बाद मुरैना में 103, भिंड में 92, विदिशा में 76 रोगी इस वर्ष मिल चुके हैं।
टीकाकरण मामलों के जानकार स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं 16 मार्च को विश्व खसरा दिवस मनाया जाता है। दरअसल, मौसम बदलने से संक्रमण बढ़ना शुरू हो जाता है। ऐसे में विभाग को सतर्क हो जाना चाहिए। अप्रैल से जून के बीच बीमारी बढ़ने की आशंका रहती है। उनका यह भी कहना है जैसे ही आउटब्रेक की जानकारी मिलती है, 24 घंटे में सर्वे और रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच जानी चाहिए। 48 घंटे के भीतर पांच किलोमीटर की परिधि में क्षेत्र का सर्वे होना चाहिए। यह सब काम प्रभावी तरीके से किए जाएं तो बीमारी नहीं बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें- क्या अब खत्म होगा मां वाग्देवी का वनवास? राजा भोज ने स्थापित की थी प्रतिमा, हाई कोर्ट के फैसले के बाद जागी उम्मीद
टीका लगा है या नहीं इसका भौतिक सत्यापन बहुत जरूरी है। आउट ब्रेक की जानकारी मिलते ही तुरंत अलर्ट हो जाना चाहिए। लोगों को भी सावधान रहने की जरूरत है। शरीर में दाने निकलने के साथ बुखार आए तो इसे देवी का प्रकोप नहीं मानें। पीड़ित को घर में अलग रखें, क्योंकि एक रोगी 18 लोगों को संक्रमित कर सकता है। यह भी देखा जाना चाहिए कि बच्चे को विटामिन ए की खुराक मिली है या नहीं, क्योंकि इससे बीमारी का प्रभाव कम हो जाता है। - डॉ. पंकज शुक्ला, शिशु रोग विशेषज्ञ एवं पूर्व संचालक एनएचएम।