
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मंगलवार की रात एमपी नगर की सड़कों पर निकले नागरिकों के लिए एक हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। सुभाष नगर से एम्स मेट्रो स्टेशन के बीच 7 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर अचानक एक नहीं, बल्कि तीन-तीन मेट्रो ट्रेनें एक के बाद एक ट्रैक पर दौड़ती नजर आईं। वह भी 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार में।
इतनी रात को मेट्रो की यह रफ्तार देखकर लोगों के मन में उत्सुकता और सवाल उठने लगे कि आखिर माजरा क्या है। शहरवासियों की इसी उत्सुकता का जवाब जानने जब मेट्रो प्रबंधन से बात की गई, तो इस रात के रोमांच का असली कारण सामने आया।
मेट्रो प्रबंधन ने नया शेड्यूल जारी होने से पहले ट्रैक की क्षमता जांचने के लिए यह स्पेशल टेस्टिंग की थी। प्रबंधन का मकसद यह सुनिश्चित करना था कि जब ट्रैक पर एक साथ एक से ज्यादा ट्रेनें चलाई जाएं, तो सिस्टम में कोई दिक्कत न आए।
इस टेस्ट के दौरान सिर्फ रफ्तार ही नहीं, बल्कि कई हाई-टेक सुरक्षा इंतजामों को परखा गया। लाइव मॉनिटरिंग के साथ कंट्रोल सेंटर से तीनों ट्रेनों की पल-पल की हलचल देखी गई। इसके बाद ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन और इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम की जांच हुई। सिग्नलिंग नेटवर्क और पॉइंट मशीनों की कार्यप्रणाली को चेक किया गया।
ज्ञात हो कि 25 जून को सीएमआरएस नीलाभ्र सेनगुप्ता की टीम ने भी जांच की थी, जिसकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आते ही कॉरिडोर पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यह लेट नाइट टेस्टिंग उसी की एडवांस तैयारी थी, ताकि आने वाले समय में शहरवासियों को बिना किसी रुकावट के बेहतरीन मेट्रो सेवा मिल सके।