
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जहांगीराबाद पुलिस ने सुभाष नगर मेट्रो डिपो के पास कार सवार मेट्रो सुपरवाइजर और उसके साथियों पर हमला कर मोबाइल लूटने वाले पांच आरोपितों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने कार के शीशे डंडों से तोड़ दिए थे। विरोध करने पर युवकों से मारपीट की और चाकू दिखाकर दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल, लोहे की छुरियां, तार कटर, प्लास, एक्स-रे ब्लेड और टूटा हुआ ताला बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आचार्य नरेंद्र देव नगर निवासी वीरेंद्र सिंह राजपूत मेट्रो में सुपरवाइजर हैं। 11 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे वह बंटी अहिरवार और रोहित अहिरवार के साथ कार से सुभाष नगर मेट्रो डिपो के पास बैठे थे। इसी दौरान जिंसी की तरफ से ऑटो में दो-तीन युवक पहुंचे। उन्होंने कार को घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों से कार के आगे व दाहिनी तरफ के शीशे तोड़ दिए। हमले में वीरेंद्र और बंटी घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने रुपये मांगे। पैसे नहीं मिलने पर कार में रखे दो मोबाइल लेकर भाग गए।
मामला दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार ने उपनिरीक्षक कमलेश यादव के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। लूटे गए मोबाइल की लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपितों का सुराग मिला।
यह भी पढ़ें- भोपाल में मीडियाकर्मी और उसकी महिला दोस्त से लूट: मनुआभान टेकरी पर घेरकर चाकूबाजी, मोबाइल-गहने लेकर भागे बदमाश
पुलिस ने अर्जुन नगर बस्ती में घेराबंदी कर शहबाज खान उर्फ सब्बू (28), रेहान खान (20), बादशाह उर्फ नजर (24), अयान खान (18 वर्ष छह माह) और मेहफूज खान (18 वर्ष पांच माह) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार रेहान के खिलाफ सात और बादशाह के खिलाफ तीन आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया।