भोपाल में ओवैसी की चुनौती पर विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार: 'ऑपरेशन सिंदूर में तुम्हारे अब्बा के घर गिरी थी मिसाइल'
ओवैसी ने भोपाल के काजी कैंप में मिसाइल लॉन्च करने की चुनौती दी थी, जिस पर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भारत की मिसाइलों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्ता...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 16 Sep 2026 04:53:39 PM (IST)Updated Date: Wed, 16 Sep 2026 04:53:39 PM (IST)
ओवैसी बनाम रामेश्वर शर्मा में तीखी जुबानी जंग। फाइल फोटो।HighLights
- AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच तीखी जुबानी जंग शुरू
- रामेश्वर शर्मा ने कहा - भारतीय मिसाइलों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया
- ओवैसी ने समान नागरिक संहिता को लेकर संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए आपत्ति जताई
डिजीटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में 'मिसाइल', 'काजी कैंप' और 'समान नागरिक संहिता (UCC)' को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है।
ओवैसी की खुली चुनौती के बाद रामेश्वर शर्मा के तीखे पलटवार से दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
ओवैसी ने कहा : 'माई के लाल हो तो काजी कैंप में मिसाइल चलाओ'
भोपाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने विधायक रामेश्वर शर्मा के पुराने बयानों पर तल्ख तेवर दिखाए। मंच से ललकारते हुए ओवैसी ने कहा:
"सुनो रामेश्वर… अगर माई के लाल हो तो काजी कैंप में आकर मिसाइल लॉन्च कराओ। मैं अकेले काजी कैंप में खड़े होने और शहीद होने के लिए तैयार हूं, लेकिन तुम्हारे जैसे लोगों के सामने सिर नहीं झुकाऊंगा।"
ओवैसी ने यूसीसी और आरएसएस पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सोवियत संघ मदरसों पर प्रतिबंध लगाकर भी इस्लाम को खत्म नहीं कर सका, तो फिर संघ क्या चीज़ है? ओवैसी ने आरोप लगाया कि संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 का उल्लंघन करते हुए यूसीसी के जरिए गैर-हिंदुओं पर हिंदू कानून थोपने की कोशिश की जा रही है।
रामेश्वर शर्मा का पलटवार: 'ऑपरेशन सिंदूर में गिरा दी मिसाइल'
ओवैसी के बयान पर बुधवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रेस के सामने बेहद आक्रामक अंदाज में जवाब दिया:
"हमारे वैज्ञानिकों ने जो मिसाइल बनाई, उसे भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में तुम्हारे अब्बा के घर गिराकर दिखा दिया है। जब मिसाइल इस्लामाबाद में गिरी तो वहां आतंकवादी रो रहे थे और यहां तुम जैसे नए-नए जिन्ना छाती पीट रहे हैं।"
रामेश्वर शर्मा ने ओवैसी के 'बैरिस्टर' होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह वकील हैं तो कोर्ट जाएं, लेकिन बदतमीजी की भाषा बंद करें। शर्मा ने साफ किया कि भारत विरोधी और आतंकी कैंपों पर मिसाइलें चलती थीं और आगे भी चलती रहेंगी।
'5 बीवी और 25 बच्चों की फैक्ट्री बंद होगी'
यूसीसी का पुरजोर समर्थन करते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा:
"देश में 5 बीवी और 25 बच्चे पैदा कर लावारिस छोड़ने वाली फैक्ट्री अब बंद होगी। गृह मंत्री अमित शाह की घोषणा के अनुसार 2029 तक देश के 21 राज्यों में बाबा साहब आंबेडकर की भावना के अनुरूप यूसीसी लागू होकर रहेगा।"
उन्होंने कहा कि जब 80 प्रतिशत आबादी हिंदू कानून मानती है, तो 20 प्रतिशत को भी कानून का सम्मान करना चाहिए। फिलहाल दोनों नेताओं के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।