Modular Kitchen: इस वर्ष मध्य प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में शुरू होगी माड्यूलर रसोई
Modular Kitchen: जानकारी के अनुसार अगले एक-दो माह में रसोई बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Mon, 24 Apr 2023 06:02:33 PM (IST)
Updated Date: Mon, 24 Apr 2023 06:02:33 PM (IST)

Modular Kitchen: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में इस वर्ष अंत तक माड्यूलर रसोई तैयार हो जाएंगी। इसके बाद सिविल अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ऐसी ही रसोई बनाई जाएंगी। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि रोगियों का भाेजन सफाई से बन सकेगा। अभी प्रदेश में कहीं भी ऐसी व्यवस्था नहीं है।
इस तरह की रसोई बनने से दूसरा बड़ा लाभ यह होगा कि कायाकल्प और नेशनल क्वालिटी एश्यारेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के मूल्यांकन में अस्पतालों को ज्यादा अंक मिलेंगे।
माड्यूलर रसोई के लिए पहले तो इस वर्ष के राज्य बजट में प्रविधान करने की तैयारी थी, लेकिन निर्णय नहीं हो पाने की वजह से इसे शामिल नहीं किया गया था। अब सभी जिला अस्पतालों में इसे लेकर तैयारी हो गई है। एक-दो माह में रसोई तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
अभी प्रदेश के किसी मेडिकल कालेज में भी माड्यूलर रसोई नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि माड्युलर रसोई के साथ ही खाने की ट्राली भी इस तरह की रहेंगी कि खाना जल्दी ठंडा नहीं होने पाए। रसोई में रोगियों के लिए तैयार भाेजन को अच्छी तरह से रखने की व्यवस्था भी हो जाएगी। कई जिला अस्पतालों की रसोई में काकरोच और चूहे होने की बात भी सामने आ चुकी है।