Mohan Cabinet Meeting: मोहन कैबिनेट की बैठक आज, कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
मंत्रालय में होने वाली कैबिनेट बैठक में नर्मदा नदी से जुड़ी सिंचाई परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति दी जाएगी। वर्ष 2024-25 की तबादला नीति पर भी विचार किया जा सकता है। इसके अलावा, मप्र नगरपालिका अधिनियम में संशोधन प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल सकती है।
Publish Date: Tue, 20 Aug 2024 09:01:02 AM (IST)
Updated Date: Tue, 20 Aug 2024 09:01:02 AM (IST)
कैबिनेट बैठक के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव (फाइल फोटो)HighLights
- प्रदेश में साइबर तहसीलों के विस्तार का प्रस्ताव हो सकता है मंजूर।
- महिला सशक्तीकरण के लिए नए पद सृजन को भी मिल सकती है मंजूरी।
भोपाल। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में अनेक नीतिगत विषय कैबिनेट के विचारार्थ रखे जाएंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में राजस्व से जुड़े प्रकरणों के निराकरण के लिए साइबर तहसील का विस्तार सभी विकासखंडों में करने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। इसके अलावा प्रदेश में संचालित महिला सशक्तीकरण की केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य और जिला स्तर पर नए पद सृजित करने का प्रस्ताव भी मंजूर हो सकता है।
कैबिनेट बैठक में नर्मदा नदी से जुड़ी सिंचाई परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति दी जाएगी। वर्ष 2024-25 की तबादला नीति पर भी विचार किया जा सकता है। नई तबादला नीति को कैबिनेट की मंजूरी के बाद सीमित समय के लिए तबादलों से प्रतिबंध हटाया जा सकता है। इसके अलावा, मप्र नगरपालिका अधिनियम में संशोधन प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल सकती है।
सीमित अवधि के लिए हट सकता है तबादलों से प्रतिबंध
सरकार द्वारा इस बैठक में वर्ष 2024-25 के लिए तबादला नीति को भी मंजूरी दी जा सकती है। सीमित अवधि के लिए तबादलों पर से प्रतिबंध हटाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, जिले के भीतर तबादले के अधिकार प्रभारी मंत्री को दिया जाना प्रस्तावित है। किसी भी संवर्ग में 20 प्रतिशत से अधिक तबादले नहीं होंगे।