13 दिसंबर को मोहन सरकार के 3 साल पूरे; मप्र में जनता के बीच उपलब्धियां गिनाएंगे मंत्री, सांसद और विधायक
मुख्यमंत्री मंत्रियों से उनके विभागों की उपलब्धियों, चुनौतियों और प्रभार वाले जिलों में दौरों व रात्रि विश्राम का ब्योरा मांगेंगे। इसके आधार पर आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 01:15:48 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 01:15:48 PM (IST)
13 दिसम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं। फाइल फोटो।HighLights
- डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं
- तैयार की जा रही विभागवार उपलब्धियों की बुकलेट
- 2027 को युवा वर्ष के तौर पर मनाने की तैयारी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। 13 दिसंबर को डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री के रूप में तीन साल पूरे होंगे। इस अवसर पर मंत्री सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएंगे। इसके लिए विभागवार उपलब्धियों की बुकलेट तैयार की जा रही है। मंत्री प्रभार के जिलों तो सांसद और विधायक अलग-अलग कार्यक्रमों में जानकारियां देंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करेंगे।
जनता के बीच गिनाईं जाएंगी उपलब्धियां
प्रदेश में अगले साल से नगरीय निकाय और पंचायत के चुनाव प्रस्तावित हैं। निकाय चुनाव दलीय आधार पर होते हैं। इसके पहले डॉ.मोहन यादव का बतौर मुख्यमंत्री तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियां जनता को बतानी रणनीतिक पहल है।
इसमें रोजगार, निवेश, कृषि, शिक्षा, अधोसंरचना विकास, महिला सशक्तीकरण, अनुसूचित जाति-जनजाति विकास पर फोकस किया जाएगा। शहरी और ग्रामीण विकास को लेकर किए जा रहे कामों को अलग से रेखांकित किया जाएगा।
समीक्षा के लिए तैयार होगी रिपोर्ट
मुख्यमंत्री जल्द ही मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करने वाले हैं। इसके लिए सभी मंत्रियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने विभाग की रिपोर्ट तैयार करें। साथ ही यह भी बताएं कि उन्होंने प्रभार के जिलों में कितने दौरे किए और कितनी बार रात्रि विश्राम किया। मंत्रियों को विभाग की उपलब्धियों के साथ-साथ चुनौतियां और आगामी दो वर्ष की कार्ययोजना भी बतानी होगी।
युवा वर्ष को ध्यान में रखकर बनानी होगी कार्ययोजना
सरकार ने पहले तीन साल सुशासन, उद्योग-निवेश और कृषक विकास पर केंद्रित किए। वर्ष 2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। सभी विभागों को इसे ध्यान में रखकर अपनी कार्य योजना तैयार करनी होगी।