Mohan Yadav Cabinet: 3 सितंबर को मोहन कैबिनेट की बैठक, तबादला नीति पर हो सकता है फैसला
मंगलवार को मोहन यादव कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें सिंचाई परियोजनाओं पर सरकार कुछ महत्वपूर्ण घोषणा कर सकती है। इसके साथ ही तबादला नीति पर भी कोई निर्णय लिया जा सकता है।
Publish Date: Mon, 02 Sep 2024 10:19:59 PM (IST)
Updated Date: Mon, 02 Sep 2024 10:47:38 PM (IST)
मंगलवार को होगी प्रदेश कैबिनेट की बैठक।HighLights
- मंत्रिमंडल बैठक में तबादला नीति पर रहेगी सबकी निगाहें
- बैठक में सिंचाई प्रोजेक्ट को दी जाएगी प्रशासकीय मंजूरी
- नर्मदापुरम के मोहासा, मुरैला के सीतापुर पर होगा विचार।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव अध्यक्षता में मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में सिंचाई परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति दी जाएगी। वहीं, प्रदेश में निवेश को बढ़ाने देने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
नर्मदापुरम जिले के मोहासा औद्योगिक क्षेत्र और मुरैना जिले के सीतापुर को लेकर भी विचार होगा। तबादलों पर से प्रतिबंध हटाने के लिए नीति पर भी बैठक में विचार हो सकता है।
प्रदेश में दो वर्ष से तबादलों पर प्रतिबंध लगा हुआ है। अभी विभागों को प्रशासकीय दृष्टि से आवश्यक तबादले करने के लिए मुख्यमंत्री समन्वय से अनुमति लेनी होती है।
उल्लेखनीय है कि सितंबर में यदि तबादले पर से प्रतिबंध नहीं हटा तो फिर लगभग एक लाख अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले सरकार जनवरी 2025 तक नहीं कर पाएगी क्योंकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ हो चुका है।
अक्टूबर में इसका प्रारंभिक प्रकाशन होगा और पांच जनवरी 2025 को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस अवधि में मतदाता सूची के कार्य में संलग्न अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले बिना आयोग की अनुमति नहीं किए जा सकते हैं।