
भोपाल। समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद कंकर मुंजारे और मुख्य प्रवक्ता डॉ. सुनीलम ने आरोप लगाया है कि बालाघाट से विधायक और मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने मतदाताओं को लुभाने के लिए महिलाओं को कमल के फूल प्रिंट वाली साड़ियां बांटी है। सपा के दोनों नेताओं ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर बिसेन पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उधर, इस मामलें में मुख्य निवार्चन पदाधिकारी कार्यालय ने रिपोर्ट मांग ली है।
शिकायत में कहा गया है कि बिसेन ने विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के बाद 8 अक्टूबर को बालाघाट में कमल शक्ति सम्मेलन में महिलाओं को साड़ियां बांटी और उपस्थित लोगों को भोजन कराया। उसी दिन बिसेन ने यादव समाज के मंगल भवन का भूमिपूजन कर आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की। सपा ने इस मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी डीव्ही सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी मंजुषा विक्रांत पर भी कार्रवाई करने की मांग की है।
सपा का कहना है कि मंजुषा विक्रांत बालाघाट जिला पंचायत की सीईओ के रूप में 21 अक्टूबर को तीन साल पूरे कर रही हैं। वे बिसेन की पत्नी व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा बिसेन के अधीन काम करती हैं और चुनाव कार्य को प्रभावित कर सकती हैं। इस मामले में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव का कहना है कि सपा की शिकायत मिली है। इस मामले में रिपोर्ट मांगी है।
मुंजारे की तबीयत खराब हुई, अस्पताल में भर्ती
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत करने पहुंच पूर्व सांसद कंकर मुंजारे की चुनाव आयोग के दफ्तर में ही अचानक तबीयत खराब हो गई। डॉ. सुनीलम ने बताया कि उन्हें तत्काल हमीदिया अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल से जुड़ी समस्या थी।