
राज्य ब्यूरो, भोपाल। पशुपालन मंत्री लखन पटेल ने बुधवार को यहां राज्य पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान के नवनिर्मित प्रयोगशाला भवन के लोकार्पण करने के बाद विभागीय पशुधन संजीवनी 1962 काल सेंटर का अवलोकन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब में एक से तीन फरवरी तक लगने वाले पंजाब दुग्ध संघ के मेले में प्रदेश के किसानों को भी भ्रमण कराया जाएगा, जिससे वह दुग्ध उत्पादन व विपणन की बारीकियां सीख सकेंगे।
राज्य पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान भोपाल के नवनिर्मित प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर विभागीय अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति रही।@DrMohanYadav51 @mp_husbandry @BJP4MP pic.twitter.com/8tCDLwWboK
— Lakhan Patel (@Lakhan_BJP) January 24, 2024
मंत्री ने कहा कि सड़कों पर घूमते हुए जानवर सबसे बड़ी समस्या हैं। इसका शीघ्र निदान किया जाएगा। इसके लिए सभी से सुझाव भी मांगे गए हैं। जल्द कार्ययोजना बनाकर उस पर अमल किया जाएगा। अन्य राज्यों के पशुपालन और डेयरी माडल का अध्ययन कर उस पर भी कार्य किया जाएगा। हाल ही में मुख्यमंत्री के साथ गुजरात भ्रमण के दौरान अमूल से भी समझौता हुआ है।
मंत्री ने कहा, मैंने डेयरी चलाई है। पशुपालकों की समस्याओं को जानता हूं। हमें दुग्ध उत्पादन के साथ ही उसके विपणन पर विशेष ध्यान देना होगा। इस अवसर पर संचालक पशुपालन आरके मेहिया, वेटरिनरी काउंसिल आफ इंडिया के सदस्य उमेश चंद्र शर्मा और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक आयोग के संचालक मनोज गौतम भी उपस्थित थे।