MP Board Exam Result 2023: भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10 वीं व 12 वीं परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 90 प्रतिशत मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है, 10 प्रतिशत बाकी है। इस बीच हेल्पलाइन नंबर 18002330175 पर सबसे अधिक विद्यार्थियों के सवाल परीक्षा परिणाम को लेकर आ रहा है। एमपी बोर्ड हेल्पलाइन में हर रोज करीब 400 से 500 फोन आ रहे हैं। इसमें 90 प्रतिशत फोन रिजल्ट को लेकर आ रहे हैं। वहीं 10 प्रतिशत में करियर से संबंधित सवाल पूछे जा रहे हैं।
बता दें, कि प्रदेश के 10वीं व 12वीं के करीब 18 लाख विद्यार्थियों की 99 लाख 73 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन चल रहा है। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल का अभी तक 90 प्रतिशत मूल्यांकन कार्य हो चुका है। अब मूल्यांकन के लिए सात दिन का समय शेष है। ऐसे में शिक्षकों को तेजी से मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल के अधिकारियों का मानना है कि 22 से 25 मई तक दोनों कक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
सवाल - मैडम, 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम कब आएगा। एक पेपर खराब गया है तो डर लग रहा है।
जवाब - अब परिणाम से डरने की जरूरत नहीं है। आत्मविश्वास बनाएं रखें।मई के अंत में रिजल्ट जारी होगा।
सवाल - रिजल्ट कब आएगा। इसके बाद विषय का चयन करना सही रहेगा।
जवाब - मई के अंत में एमपी बोर्ड रिजल्टआने की संभावना है। अपनी पसंद के विषय का चयन करें।
सवाल - मैनें 10वीं की परीक्षा दी है। क्या इस बार बेस्ट आफ फाइव लागू रहेगा।
जवाब - बेस्ट आफ फाइव लागू रहेगा। छह विषयों में से पांच सबसे अधिक अंक लाने वाले विषयों के आधार पर परिणाम तैयार होगा।
सवाल - बेटी ने 10वीं की परीक्षा दी है। उसे रिजल्ट को लेकर डर है।
जवाब - बेटी को समझाएं कि यह रिजल्ट करियर में एक कदम आगे बढ़ने की सीढ़ी है। डरें नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बनाकर रखें।
10वीं व 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पांच मई तक पूरा कर लिया जाएगा। 22 से 25 मई के बीच परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। - श्रीकांत बनोठ, सचिव, मंडल
हेल्पलाइन में हर दिन 400 से 500 फोन आ रहे हैं। इसमें 90 प्रतिशत सवाल रिजल्ट से संबंधित पूछे जा रहे हैं। - डा. हेमंत शर्मा, संचालक, माशिमं