
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल: मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षाएं (MP Board Exams) शुरू होते ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पहला चरण 22 फरवरी से प्रारंभ होगा, जिसमें अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, इतिहास, कृषि और विज्ञान विषयों की कॉपियां जांची जाएंगी। दूसरा चरण तीन मार्च से शुरू किया जाएगा।
इस वर्ष मूल्यांकनकर्ता शिक्षकों का कार्यभार बढ़ा दिया गया है। पहले प्रतिदिन 30 उत्तरपुस्तिकाएं जांचने का लक्ष्य था, जबकि अब 45 से 60 कॉपियां प्रतिदिन जांचने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे मूल्यांकन प्रक्रिया तेज होगी और परिणाम जल्द घोषित किए जा सकेंगे।
निर्देशों के अनुसार हाईस्कूल की एक कॉपी जांचने पर 15 रुपये और हायर सेकेंडरी की कॉपी पर 16 रुपये दिए जाएंगे। मुख्यालय से बाहर आने वाले शिक्षकों को 180 रुपये वाहन भत्ता तथा स्थानीय शिक्षकों को 130 रुपये भत्ता मिलेगा।
इस बार मूल्यांकन कार्य में डिजिटल निगरानी प्रणाली लागू की गई है। शिक्षकों को कार्य शुरू करने से पहले मोबाइल ऐप पर उपस्थिति दर्ज करनी होगी। बिना उपस्थिति दर्ज किए कॉपी जांचने की अनुमति नहीं मिलेगी। प्रतिदिन जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं का रिकॉर्ड ऐप और रजिस्टर दोनों में अपडेट करना अनिवार्य रहेगा। निरीक्षण दल ऐप आधारित डाटा से केंद्रों की निगरानी करेगा।
करीब 16 लाख विद्यार्थियों की सवा करोड़ उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। नई व्यवस्था से फर्जी उपस्थिति, देरी और लापरवाही पर नियंत्रण रखने की योजना है। बोर्ड परीक्षा इस बार जल्दी शुरू की गई है और परिणाम भी समय पर घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मूल्यांकन कार्य की गति बढ़ाना, समय पर परिणाम जारी करना और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। इससे बोर्ड परीक्षा परिणाम निर्धारित समय सीमा में जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
-बुद्धेश कुमार वैद्य,सचिव, माशिमं