
MP By-Election: राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव 10 जुलाई को होगा। चुनाव आयोग ने सोमवार को उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया। 14 जून को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन पत्र स्वीकार करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। यह सीट कांग्रेस विधायक कमलेश शाह के विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देने के कारण रिक्त हुई थी।
लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस विधायक कमलेश शाह ने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। त्याग-पत्र स्वीकार कर विधानसभा सचिवालय ने सीट रिक्त होने की सूचना चुनाव आयोग को भेजी थी। आयोग ने अन्य प्रदेश की सीटों के साथ अमरवाड़ा सीट पर भी उपचुनाव कराने का निर्णय लिया है। विशेष पुनरीक्षण अभियान में तैयार मतदाता सूची से चुनाव कराया जाएगा।
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 21 जून तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। इनकी जांच 24 जून को होगी और 26 जून तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 10 जुलाई को मतदान और 13 जुलाई को मतगणना होगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही जहां उपचुनाव है, उससे संबंधित जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।


The Election Commission of India has decided to hold bye-elections to fill vacancies in 13 Assembly Constituencies in Bihar, West Bengal, Tamil Nadu, Madhya Pradesh, Uttarakhand, Punjab, and Himachal Pradesh.
Elections will be conducted on 10th July and the counting will be done… pic.twitter.com/ihhJpfoko3
— ANI (@ANI) June 10, 2024
चुनाव आयोग ने आज बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 13 विधानसभा क्षेत्रों में रिक्तियों को भरने के लिए उपचुनाव कराने का निर्णय लिया है।
इसके अनुसार चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। ये चुनाव आगामी 10 जुलाई को होंगे और मतगणना 13 जुलाई को होगी। मध्य प्रदेश से अमरवाड़ा की सीट पर उपचुनाव होगा। विधानसभा क्रमांक 123 की यह सीट कमलेश प्रताप शाह के इस्तीफे के बाद से रिक्त है।
छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से विधायक कमलेश शाह ने पिछले दिनों इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ले ली थी। इसके बाद से यह सीट खाली घोषित कर दी गई थी और इसकी सूचना बकायदा चुनाव आयोग को दे दी गई थी।