MP में दो साल बाद भी लागू नहीं हुई सामुदायिक सेवा की सजा, BNS में है प्रावधान
मध्य प्रदेश में बीएनएस लागू हुए दो साल बाद भी सामुदायिक सेवा की सजा लागू करने के नियम अधिसूचित नहीं हुए। छह अपराधों में यह विकल्प उपलब्ध है।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 07:07:03 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 07:07:03 PM (IST)
MP में लागू नहीं हुई सामुदायिक सेवा की सजा। (एआई जनरेटेड)HighLights
- मध्य प्रदेश में सामुदायिक सेवा के नियम अबतक अधिसूचित नहीं हुए।
- बीएनएस एक जुलाई 2024 से देशभर में प्रभावी हुआ।
- धारा चार में छह प्रकार की सजाओं का प्रावधान है।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया.भोपाल। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू हुए दो साल से अधिक समय हो गया है लेकिन मध्य प्रदेश में इसके तहत सामुदायिक सेवा को दंड के रूप में लागू करने के लिए नियम अब तक अधिसूचित नहीं हो पाए हैं।
नया आपराधिक कानून एक जुलाई, 2024 से प्रभावी हुआ था। इसमें पहली बार सामुदायिक सेवा को सजा के वैधानिक विकल्प के रूप में शामिल किया गया है। केंद्र सरकार ने भी इसे छोटे अपराधों के लिए सुधारात्मक सजा की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव बताया है।
बीएनएस की धारा चार में छह तरह की सजा का उल्लेख
- बीएनएस की धारा चार में छह तरह की सजा मृत्युदंड, आजीवन कारावास, कारावास, संपत्ति की जब्ती, जुर्माना और सामुदायिक सेवा का उल्लेख है। यानी न्यायालय के पास कुछ अपराधों में दोषी को जेल या जुर्माने के बजाय समुदाय के हित में काम कराने का विकल्प भी है।
- बीएनएसएस की धारा 23 में सामुदायिक सेवा का अर्थ ऐसे काम से है, जिसे न्यायालय दोषी से समुदाय के लाभ के लिए करवाने का आदेश दे और जिसके बदले उसे कोई पारिश्रमिक न मिले। कुछ राज्यों ने इससे जुड़े नियम प्रभावी भी हो गए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने नवंबर 2025 में इसके नियम अधिसूचित किए हैं।
छह अपराधों में हो सकती है सामुदायिक सेवा
बीएनएस में सामुदायिक सेवा को छह अपराधों के लिए सजा के रूप में जोड़ा गया है। इनमें लोक सेवक द्वारा अवैध रूप से व्यापार करना (धारा 202), उद्घोषणा के बावजूद अदालत में उपस्थित न होना (धारा 209), किसी लोक सेवक को उसकी वैध शक्ति का प्रयोग करने से रोकने के लिए खुदकुशी का प्रयास (धारा 226), पांच हजार रुपये से कम मूल्य की चोरी का पहली बार अपराध और संपत्ति की वापसी, सार्वजनिक स्थान पर नशे में दुर्व्यवहार (धारा 355) और मानहानि (धारा 356(2)) शामिल हैं।
सफाई से लेकर सामाजिक काम तक
- सामुदायिक सेवा का उद्देश्य दोषी से ऐसा काम कराना है, जिससे समाज को लाभ हो और उसे अपने अपराध के प्रति जिम्मेदारी का अहसास हो। इसमें सार्वजनिक स्थानों की सफाई, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक संस्थाओं में सेवा या समुदाय से जुड़े अन्य उपयोगी कार्य जैसे विकल्प हो सकते हैं।
- हालांकि कौन सा काम, कितने घंटे और कितने दिन कराया जाएगा व इसकी निगरानी कौन करेगा, यह राज्यों द्वारा तय की जाने वाली महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में शामिल है।