
सौरभ सोनी, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में जहरीली शराब के नेटवर्क का दायरा कितना व्यापक है, इसका अंदाजा शराबबंदी वाले राज्य गुजरात के भावनगर में पिछले महीने अगस्त में हुए जहरीली शराब कांड के बाद भी हुआ। भावनगर के घोंघा तालुका व आसपास के इलाकों में 16 से 18 अगस्त को जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हुई। जांच में जहरीली शराब के निर्माण व सप्लाई के तार मध्य प्रदेश से जुड़े पाए गए। गुजरात पुलिस ने जिन 21 लोगों को आरोपित बनाया, इनमें तीन उज्जैन के हैं।
गुजरात पुलिस के अनुसार, उज्जैन के रईस रफीक अंसारी, जुबेर और अर्जुन सिंह गोहिल की भूमिका जहरीली शराब तैयार करने, शराब की बोतलों पर फर्जी स्टीकर लगाने और उसकी सप्लाई करने में पाई गई हैं। तीन में से एक आरोपित रईस रफीक को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पता लगा कि वह भावनगर में रहते हुए अवैध शराब के निर्माण और सप्लाई का काम कर रहा था।
अब सागर में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत के बाद भावनगर कांड में भी मध्य प्रदेश कनेक्शन को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरा है। आरोप है कि सरकार प्रदेश में अवैध शराब के उत्पादन और सप्लाई पर रोक नहीं लगा पा रही है।
तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने गुजरात में जब्त शराब की 28 पेटियों पर उज्जैन आबकारी विभाग की सील और मुहर मिलने संबंधी मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। कहा कि उज्जैन आबकारी विभाग की सील मिलना गंभीर सवाल खड़ा करता है कि उज्जैन आबकारी विभाग की सील और मुहर गुजरात तक कैसे पहुंची।
पूर्व में पुलिस कार्रवाई के दौरान भी सामने आ चुका है कि मध्य प्रदेश से देश के कई राज्यों को अवैध शराब की सप्लाई की जाती है। गुजरात 'ड्राई स्टेट' (पूर्ण शराबबंदी वाला राज्य) है, जिसके कारण वहां अवैध शराब की भारी मांग रहती है। मध्य प्रदेश का मालवा क्षेत्र (धार, खरगोन, झाबुआ और आलीराजपुर) गुजरात की सीमा से सटा हुआ है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में आबकारी अफसर पर गिरी गाज, बिना लैब टेस्ट शराब को बता दिया ‘जहरीला’, अब 15 दिन में देना होगा जवाब
मध्य प्रदेश की डिस्टिलरी (शराब भट्टियों) से बड़े पैमाने पर शराब अवैध रूप से ट्रकों और गुप्त रास्तों के जरिए गुजरात के अहमदाबाद, बड़ौदा और सीमावर्ती जिलों में खपाई जाती है। इसके अलावा नीमच, मंदसौर, झाबुआ और श्योपुर जिलों की सीमाएं राजस्थान से लगती हैं। इन रास्तों से अक्सर मध्य प्रदेश में बनी सस्ती अवैध देसी शराब और स्प्रिट को राजस्थान के ग्रामीण व सीमावर्ती इलाकों में तस्करी के जरिए भेजा जाता है।
गुजरात पुलिस ने उज्जैन से आरोपित को गिरफ्तार किया था, लेकिन जहरीली शराब के मध्य प्रदेश से सप्लाई किए जाने के अभी कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। आगे की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। -दीपक सक्सेना, आबकारी आयुक्त, मध्य प्रदेश।