MP Police News: 30 नवंबर को रिटायर होंगे कैलाश मकवाणा, 1 दिसंबर से प्रदेश को मिलेगा नया DGP
गृह विभाग के आदेश के अनुसार, मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। नियुक्ति आदेश के मुताबिक कार्यकाल 1 दिसंबर 2024 से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 12:18:27 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 12:18:27 PM (IST)
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे। फाइल फोटो।HighLights
- 30 नवंबर को रिटायर होंगे डीजीपी कैलाश मकवाणा
- कार्यकाल 1 दिसंबर 2024 से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित
- वरुण कपूर ने कार्यकाल बढ़ाने पर जताई थी आपत्ति
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे। प्रदेश का नया डीजीपी 1 दिसंबर को पदभार संभालेगा। कैलाश मकवाणा की सेवानिवृत्ति तारीख के संबंध में गृह विभाग ने बुधवार को आदेश जारी कर दिया। कैलाश मकवाणा के नियुक्ति आदेश के अनुसार उनका कार्यकाल 1 दिसंबर, 2024 से प्रारंभ होकर 30 नवंबर, 2026 को समाप्त होना है।
रिटायरमेंट की तारीख को लेकर था भ्रम
मकवाणा ने 1 की जगह 2 दिसंबर को ज्वॉइन किया था। सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय के अनुसार डीजीपी का कार्यकाल कम से कम दो वर्ष होता है। ऐसे में पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा ने गृह विभाग को पत्र भेजकर पूछा था कि कार्यकाल की गणना 1 दिसंबर से की जाएगी या 2 दिसंबर से।
गृह विभाग ने नियुक्ति दिनांक के आधार पर 30 नवंबर ही सेवानिवृत्ति तारीख होने के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सहमति ली। दरअसल, गृह विभाग भी मुख्यमंत्री के पास है। अब इसके आदेश जारी किए गए हैं।
कार्यकाल बढ़ाने पर जताई थी आपत्ति
बता दें, कैलाश मकवाणा का कार्यकाल एक दिन बढ़ने से जेल डीजी वरुण कपूर डीजीपी की दौड़ से बाहर हो रहे थे क्योंकि डीजीपी बनने के लिए कम से कम 6 माह की सेवा शेष होना जरूरी है।
वरुण कपूर की सेवानिवृत्ति तारीख 31 मई, 2027 है। इसी कारण कार्यकाल बढ़ाए जाने के पुलिस मुख्यालय के पत्र पर उन्होंने मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला से मिलकर आपत्ति दर्ज कराई थी।