यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP Election 2023: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने भोपाल में किया मतदान, कही यह बात
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने सुबह अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। उन्होंने मतदान के बाद सेल्फी भी खिंचवाई।
By Prashant PandeyEdited By: Prashant Pandey
Publish Date: Fri, 17 Nov 2023 09:16:31 AM (IST)Updated Date: Fri, 17 Nov 2023 09:16:31 AM (IST)

भोपाल। प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर आज मतदान की प्रक्रिया चल रही है। मध्य प्रदेश में 16वीं विधानसभा के चुनाव के लिए आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। इसमें प्रदेश के 5,60,58,521 करोड़ मतदाता अपनी सरकार चुनेंगे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने भी आज सुबह राजधानी भोपाल में मतदान केंद्र पहुंचकर मताधिकार का उपयोग किया। वह अपनी पत्नी स्मिता राजन के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला। मतदान करने के बाद उन्होंने पत्नी संग सेल्फी भी खिंचवाई।
सभी जगह शांतिपूर्वक मतदान
मतदान करने के बाद उन्होंने मीडियाकर्मियों के साथ चर्चा में कहा कि प्रदेश में 64626 मतदान केंद्रों में सुबह साढ़े पांच बजे सभी प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट्स की उपस्थित में पहले मोक पोल किया गया। उसके उपरांत सुबह सात बजे से सभी केंद्रों में मतदान आरंभ हो गया है। पूरे राज्य में शांतिपूर्वक मतदान चल रहा है। कहीं से कोई वारदात की या अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कुछ स्थानों पर मोक पोल के दौरान पीएसयूसी में जरूर मामूली दिक्कत आई थी, उसको तत्काल रिप्लेस कर दिया गया था। हालांकि वो संख्या काफी कम या कहें कि नगण्य थी।
मतदान प्रक्रिया की हो रही सतत निगरानी
उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल पूरे प्रदेश में मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। हम लोग लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सभी कलेक्टर्स, सारे सेक्टर आफीसर्स और पूरी टीम लगातार फील्ड में और केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आब्जवर्स भी फील्ड में हैं। सभी मिल-जुलकर प्रयास कर रहे हैं कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से और सुगमतापूर्वक हो। इसके लिए हमें सभी राजनीतिक दलों का भी सहयोग मिल रहा है।
सभी जगह अच्छी व्यवस्था
अनुपम राजन ने कहा कि मतदान केंद्रों पर अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं। कई जगहों पर हमारे दिव्यांग साथी और कई जगहों पर युवा साथी भी मतदान केंद्रों का संचालन कर रहे हैं।