
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। अगले माह दीपावली का त्योहार है, लेकिन राज्य सरकार ने अभी तक कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि नहीं की है। जबकि भारत सरकार जनवरी 2026 से इसे 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर चुकी है। इसको लेकर कर्मचारी संगठनों में नाराजगी है।
कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि भत्ता दो प्रतिशत नहीं बढ़ाया गया तो वे काली दीपावली मनाएंगे। यह चेतावनी गुरुवार को भोपाल में शासकीय केंद्रीय मुद्रणालय डाक भवन के सामने प्रदर्शन के दौरान दी गई।
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को अभी 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। जबकि प्रदेश में ही अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को 60 प्रतिशत की दर से भत्ता मिल रहा है। यह भेदभाव खत्म होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले इस पर निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारी काली दीपावली मनाने को मजबूर होंगे।
गुरुवार को हुए इस प्रदर्शन में वाहन चालक यांत्रिकी कर्मचारी संघ सहित अन्य संगठनों से जुड़े कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कर्मचारियों ने एक स्वर में मांग की कि सरकार जल्द से जल्द महंगाई भत्ता और राहत में दो प्रतिशत की वृद्धि करे, ताकि त्योहार के पहले कर्मचारियों को राहत मिल सके।