MP: महिला उत्पीड़न के मामले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पार्टी से निष्कासित, पार्टी की इमेज खराब करने वाले ये नेता तलब
MP: पार्टी संगठन ने शनिवार को मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, देवास महापौर गीता अग्रवाल, सागर महापौर संगीता तिवारी, बीना नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार और सतना के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा को भोपाल तलब किया था।
Publish Date: Sat, 26 Apr 2025 10:57:06 PM (IST)
Updated Date: Sat, 26 Apr 2025 11:06:00 PM (IST)
भाजपा संगठन अब कस रहा है कमर।HighLights
- भाजपा ने दो विधायकों, दो महापौरों को भोपाल तलब किया।
- बीना नगरपालिका अध्यक्ष को भी जारी किया गया है नोटिस।
- प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने आरोपों पर की है अब बात।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। पार्टी की कार्यपद्धति के विपरीत जाकर बयानबाजी कर भाजपा की छवि खराब करने के मामले में संगठन ने सख्त रवैया अपनाया है। भाजपा ने सतना के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है, वहीं सागर महापौर संगीता तिवारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। पार्टी संगठन ने शनिवार को मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, देवास महापौर गीता अग्रवाल, सागर महापौर संगीता तिवारी, बीना नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार और सतना के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा को भोपाल तलब किया था।
![naidunia_image]()
भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधायक प्रदीप पटेल और बीना नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार भोपाल पहुंचे। इनसे प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बात की। देवास महापौर का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनकी जगह वहां के जिला अध्यक्ष पहुंचे, लेकिन सागर महापौर नहीं आईं, उन्हें नोटिस जारी किया है। इधर प्रीतम लोधी समय पर पार्टी मुख्यालय नहीं पहुंचे थे, हालांकि उन्होंने देर शाम पार्टी मुख्यालय पहुंचकर अपनी बात रखी। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सफाई दी।
इन नेताओं को किया गया तलब
- प्रदीप पटेल विधायक मऊगंज : गत 24 अप्रैल को जिले के नईगढ़ी पुलिस थाने पहुंचकर घंटों बैठे रहे। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी जगदीश ठाकुर ने गिरफ्तार करने की धमकी दी थी।
- प्रीतम लोधी विधायक पिछोर : एक कार्यक्रम में मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का नाम लिए बिना उन्हें लट्ठ मंत्री कहा था। शिवपुरी एसपी पर गंभीर आरोप लगाए थे।
- गीता अग्रवाल महापौर देवास : मेयर काउंसिल में बदलाव के लिए पार्टी से अनुमति नहीं ली। सांसद महेंद्र सोलंकी से भी विवाद की खबरें।
- संगीता तिवारी महापौर सागर : प्रदेश नेतृत्व को बताए बिना महापौर परिषद का पुनर्गठन किया। पार्टी ने नोटिस देकर जवाब मांगा है।
- लता सकवार अध्यक्ष बीना नगर पालिका : पीआईसी भंग कर नई नियुक्तियां की थी। इसमें नियमों की अनदेखी का आरोप लगा, भाजपा पार्षद नाराज थे।
- सतीश शर्मा सतना के पूर्व जिलाध्यक्ष : एक महिला ने सतीश शर्मा पर छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इससे पहले भी शर्मा की पार्टी की ही एक कार्यकर्ता के साथ आपत्तिजनक अश्लील वाट्सएप चैट सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। पार्टी ने शर्मा को निष्कासित कर दिया है।
पार्टी के दो महापौर व दो विधायक, प्रदीप पटेल व प्रीतम सिंह लोधी से बातचीत हुई है। बीना की नगर पालिका अध्यक्ष और देवास की महापौर से भी बात हुई है। सागर की महापौर नहीं पहुंचीं, उन्हें पार्टी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
-विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष