
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार का नया मिड-साइज जेट बोंबार्डियर चैलेंजर 3500 अगले सप्ताह 26 या 27 सितंबर को कनाडा के टोरंटो से भारत के लिए उड़ान भरेगा। इसके 30 सितंबर तक भोपाल के राजा भोज विमानतल पहुंचने की संभावना है। विमानन विभाग के मुताबिक कंपनी ने हैंडओवर और क्वालिटी वेरिफिकेशन के लिए 22 से 26 सितंबर का शेड्यूल तय किया है।
इस दौरान मध्यप्रदेश के पायलट और तकनीकी टीम विमान का परीक्षण करने के साथ ऑपरेशन और मेंटेनेंस की प्रक्रिया समझेगी। करीब 6300 किमी अधिकतम रेंज वाले इस विमान को टोरंटो से भारत तक करीब 11,500 किमी की यात्रा में कम से कम एक तकनीकी स्टॉप लेना होगा। यह स्टॉप लंदन या फ्रैंकफर्ट में होने की संभावना है। लंबी दूरी के कारण बिना रुके उड़ान संभव नहीं है।
भारत पहुंचने पर सबसे पहले विमान का कस्टम्स क्लियरेंस लेना होगा। विमान भारत के जिस एयरपोर्ट पर लैंड करेगा, वहां केंद्रीय सीमा शुल्क विभाग को आयात दस्तावेज, बिल ऑफ एंट्री और डीजीएफटी का इंपोर्ट लाइसेंस देकर क्लियरेंस लेना होगा। इसके बाद इसे डीजीसीए में भारतीय रजिस्ट्रेशन लेना होगा।
गौरतलब है कि डिलीवरी के समय विमान अस्थायी फ्री-फ्लाइट (फेरी कॉल साइन) पर भारत लाया जाता है। भारत पहुंचने पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को विमान से जुड़े सभी दस्तावेज सौंपे जाएंगे। इसके बाद विमान को भारतीय राष्ट्रीयता कोड VT (वायसराय टेरिटरी) का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन नंबर आवंटित करेगा।
इसके बाद डीजीसीए के एयरवर्दीनेस अधिकारी भोपाल स्थित स्टेट हैंगर पर विमान का भौतिक और तकनीकी निरीक्षण करेंगे। सभी सेफ्टी चेक, मेंटेनेंस शेड्यूल और एवियोनिक्स टेस्ट पास होने के बाद डीजीसीए की ओर से सर्टिफिकेट ऑफ एयरवर्दीनेस जारी करेगा। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद प्रदेश सरकार का एविएशन डिपार्टमेंट डीजीसीए के पास नॉन-शेड्यूल फ्लाइट ऑपरेटर (सरकारी विमान) केटेगरी के तहत नियमित उड़ान परिचालन अनुमति का आवेदन प्रस्तुत करेगा। ऐसे में पूरी प्रक्रिया खत्म होने में दो सप्ताह लग सकते हैं।