
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी (MP Sarkari Naukri) की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-3 (MP Group-3 Recruitment) के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 1040 पदों को भरा जाएगा। इनमें सब इंजीनियर, ड्राफ्ट्समैन, प्रयोगशाला तकनीशियन समेत कई पद शामिल हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 18 अगस्त से 1 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
समूह-3 की संयुक्त भर्ती के तहत अलग-अलग विभागों और संस्थानों में रिक्त पदों को भरा जाएगा। भर्ती में भोपाल विकास प्राधिकरण में सब इंजीनियर के 36 पद और इंदौर विकास प्राधिकरण में सब इंजीनियर के 44 पद शामिल हैं। इनके अलावा ड्राफ्ट्समैन, प्रयोगशाला तकनीशियन और अन्य समकक्ष पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों की जानकारी ध्यान से जांचने की सलाह दी गई है।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 1 सितंबर निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन क्रमांक को सुरक्षित रखना भी जरूरी होगा, क्योंकि आगे की प्रक्रिया में इसकी आवश्यकता पड़ सकती है।
कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं OBC, EWS, दिव्यांगजन, SC और ST वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये प्रति प्रश्नपत्र शुल्क देना होगा। भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है। पात्र श्रेणियों के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी।
समूह-3 की संयुक्त भर्ती परीक्षा 6 अक्टूबर से शुरू होगी। परीक्षा की तारीख, शिफ्ट और परीक्षा केंद्र की विस्तृत जानकारी उम्मीदवारों को प्रवेश-पत्र के माध्यम से मिलेगी। इसलिए आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट पर नजर रखनी होगी।
परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और काला बॉल पेन लेकर जाना होगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने के बाद बाहर जाने की अनुमति भी नहीं होगी।
परीक्षा में शामिल होने के लिए आधार से जुड़ी प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखना होगा। उम्मीदवार का आधार अनिवार्य है और उसका UIDAI Verify होना चाहिए। इसके अलावा मूल पहचान पत्र के तौर पर Voter ID, PAN, आधार, DL या Passport में से कोई एक साथ रखना होगा। उम्मीदवार आधार कार्ड, ई-आधार या उसकी कॉपी भी साथ रखें। आधार नंबर या VID आवश्यक होगा। परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा, इसलिए बायोमेट्रिक के समय आधार Unlock रखना जरूरी होगा।
परीक्षा केंद्र में Mobile, Calculator, Digital Watch समेत प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचना चाहिए, क्योंकि देर से आने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। नियुक्ति के समय अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी। साथ ही MP रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन भी जरूरी है।
बैगा, सहरिया और भारिया उम्मीदवारों को समूह-3 की परीक्षा से छूट नहीं दी गई है। इन वर्गों के अभ्यर्थियों को ST कैटेगरी में आवेदन करना होगा और भर्ती परीक्षा की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा।