MP Higher Education News: विवि से संबद्धता के लिए कॉलेज 10 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
MP Higher Education News: उच्च शिक्षा विभाग ने अनुमति लेने के लिए कॉलेजों को 20 जुलाई तक का दिया समय!
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 06 Jul 2021 01:18:01 PM (IST)
Updated Date: Tue, 06 Jul 2021 01:18:01 PM (IST)

MP Higher Education News: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। प्रदेश में नवीन शैक्षणिक सत्र 2021-22 में 30 नए कॉलेज स्थापित होंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने विवि से संबद्धता लेने के लिए दस और विभाग से अनुमति लेने की अंतिम तिथि 20 जुलाई तय कर दी है। ढाई दर्जन नए कालेजों को एनओसी जारी हो गई है। वहीं करीब 70 कालेजों ने नवीन संकाय और 225 कालेजों ने नए विषय खोलने की विभाग से अनुमति मांगी है। इन कॉलेजों को शुल्क जमा करने के लिए 15 दिन का समय शेष है।
भोपाल में बीयू को आठ जिलों में 480 कालेजों की संबद्धता सूची जारी करना है। इसमें से करीब 420 कॉलेजों के लिए अनुमति पत्र तैयार हो गए हैं, जो दस जुलाई तक जारी हो जाएंगे। दो माह चले लॉकडाउन के कारण 60 कॉलेज फीस जमा नहीं कर सके हैं। उन्हें अपनी संकाय बदलने के साथ सीटों में बढ़ोतरी करना है, इसलिए अब उनके पास 10 जुलाई तक समय है।
उच्च शिक्षा विभाग को सत्र 2021-22 के लिए करीब 46 प्रस्ताव मिले थे, उनमें से विभाग ने तीस सोसायटी को कॉलेज खोलने के लिए एनओसी जारी कर दी हैं। शेष 16 सोसायटी के दस्तावेज पूर्ण नहीं होने के कारण उन्हें आमन्य करते हुए खारिज कर दिया है। अब उन्हें मिली बीस जुलाई तक की मोहलत में अपने दस्तावेजों को पूर्ण करने का मौका मिल जाएगा। भोपाल में कॉलेज खोलने के लिए दस आवेदन प्राप्त हुए थे। इसमें से तीन आवेदन को अमान्य घोषित कर दिया गया, जबकि शेष सात कॉलेजों को एनओसी दी गई है। अब उन्हें बीयू से संबद्धता लेना होगी।
कॉलेजों के निरीक्षण के लिए बीयू ने बनाई कमेटी
प्रदेश के 40 कालेजों ने आवेदन कर दिए हैं। उनकी स्क्रूटनी होने के बाद सभी नए कालेज और संकाय का निरीक्षण विवि द्वारा कराया जाएगा। बीयू ने कॉलेजों का निरीक्षण करने कमेटी बना दी हैं। जल्द ही कॉलेजों का निरीक्षण शुरू कर दिया जाएगा। 200 कॉलेजों ने नए विषय की स्वीकृति मांगी है। करीब 700 कॉलेजों ने निरंतरता के लिए आवेदन किए हैं। उनका निरीक्षण करने के बाद विभाग नवीन शैक्षणिक सत्र में प्रवेश की अनुमति देगा।