
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल की रहने वाली और UPSC CSE 2020 में ऑल इंडिया सेकंड रैंक हासिल करने वाली IAS जागृति अवस्थी ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है।
देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में होने और पति के IPS अधिकारी होने के बावजूद उन्होंने महंगे प्राइवेट अस्पताल की जगह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र स्थित सरकारी अस्पताल के MCH विंग में अपने पहले बेटे को जन्म दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे बदलते उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसे की सबसे बड़ी तस्वीर बता रहे हैं।
यह खबर मध्य प्रदेश के लिए और भी खास है, क्योंकि जागृति अवस्थी मूल रूप से भोपाल की रहने वाली हैं और उनके पति गौरव पांडेय मध्य प्रदेश कैडर के 2022 बैच के IPS अधिकारी हैं। गौरव पांडेय वर्तमान में सतना जिले में एडिशनल एसपी के पद पर तैनात हैं। दोनों की शादी साल 2025 में हुई थी। नवंबर का महीना दोनों परिवारों के लिए बेहद खास रहा। इस अवसर पर सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और उनकी पत्नी IFS आरुषि मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर नवजात को आशीर्वाद दिया।
जागृति अवस्थी की यह मिसाल इसलिए भी बड़ी है, क्योंकि उनका परिवार प्रशासनिक सेवाओं के शीर्ष पर है। खुद जागृति महिला वर्ग की देश की टॉपर रही थीं। इतनी बड़ी अधिकारी होने के बाद भी उन्होंने सरकारी व्यवस्था पर भरोसा दिखाया। सोनभद्र में 14 सितंबर 2024 को मुख्य विकास अधिकारी का पद संभालने के बाद से ही वे लीक से हटकर काम करने के लिए जानी जाती हैं। एक बार वे ट्रैक्टर पर बैठकर जिले के ऐसे सुदूर गांव में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंच गई थीं, जहां आज तक कोई द्वितीय श्रेणी का कर्मचारी भी नहीं पहुंचा था। वे समाज सेविका सुधा मूर्ति और भक्ति शर्मा को अपना आदर्श मानती हैं।
IAS जागृति के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है। उनके पिता सुरेश चंद्र अवस्थी होम्योपैथी के प्रोफेसर हैं और मां मधुलता अवस्थी पीटी टीचर हैं। भाई सुयश अवस्थी एमबीबीएस के बाद एमडी की तैयारी कर रहे हैं। बेटी को IAS बनाने के लिए मां ने शिक्षिका की नौकरी तक छोड़ दी थी और पूरे परिवार ने करीब 4 साल तक घर में टीवी नहीं देखा।
जागृति ने भोपाल के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान MANIT से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की है। इसके बाद गेट परीक्षा में 51वीं रैंक हासिल की। उन्हें भेल समेत 7 बड़ी कंपनियों से ऑफिसर रैंक की नौकरी का ऑफर मिला। उन्होंने 2 साल तक भेल में काम भी किया, लेकिन समाज सेवा की इच्छा के चलते नौकरी छोड़ दी। 2019 में पहले प्रयास में उनका प्रीलिम्स भी क्लियर नहीं हुआ, लेकिन 2020 में दूसरे प्रयास में समाजशास्त्र विषय के साथ उन्होंने देश में दूसरी रैंक हासिल कर ली।