
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए अचल संपत्तियों की कलेक्टर गाइडलाइन में यदि वृद्धि या कमी प्रस्तावित की जाती है, तो इसका ठोस औचित्य बताना होगा। नई गाइडलाइन तैयार करने के लिए 15 जनवरी तक जिला मूल्यांकन समिति को प्रस्ताव तैयार करके भेजने होंगे, जबकि केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड इन्हें अंतिम रूप देगा।
महानिरीक्षक पंजीयन आलोक कुमार सिंह ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि जिला मूल्यांकन समितियां 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित प्रारूप में प्रस्तावित दरें और उनसे संबंधित जानकारी तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें। 30 जनवरी तक जिला मूल्यांकन समितियां अंतिम मूल्यों को अधिसूचित करने से पहले आम जनता से सुझाव आमंत्रित करेंगी और प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार करेंगी।
इसके बाद 15 फरवरी तक अंतिम मूल्यों को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड के अनुमोदन के लिए भेजना होगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद 31 मार्च 2027 तक विभिन्न क्षेत्रों के लिए बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्धांत जारी कर दिए जाएंगे।
नई गाइडलाइन तैयार करते समय नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में हुए विकास, नई कॉलोनियों और लोकेशन के विस्तार को विशेष रूप से ध्यान में रखा जाएगा। मूल्य निर्धारण में बाजार में हुए वास्तविक लेन-देन और प्रचलित दरों को आधार बनाया जाएगा।
जहां दरों में वृद्धि या कमी प्रस्तावित होगी, वहां उसका औचित्य भी स्पष्ट रूप से बताना होगा। इसके साथ ही निर्माण लागत की दरें राज्य स्तर पर निर्धारित दरों के अनुरूप रखी जाएंगी। जिला मूल्यांकन समितियों को दरों में बदलाव और संबंधित स्थानों की जानकारी अलग-अलग देनी होगी।
यह भी पढ़ें- बसों में ड्रग्स, ट्रेनों में कोकीन... नशे की गिरफ्त में भोपाल, स्कूल-कॉलेज से लेकर मेडिकल स्टोर तक होगी निगरानी