
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने सोमवार 27 अक्टूबर 2026 को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 4 IPS अधिकारियों के तबादला (MP IPS Transfer List)आदेश जारी किए हैं। आदेश मंत्रालय वल्लभ भवन से सचिव शिल्पा गुप्ता द्वारा जारी किया गया है। इस लिस्ट में ग्वालियर, सागर, देवास और बालाघाट जिलों के अधिकारी शामिल हैं।
आदेश के मुताबिक 2016 बैच के IPS श्री संजीव कुमार सिन्हा जो अभी तक सेनानी 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल ग्वालियर के पद पर पदस्थ थे, उन्हें नवीन पदस्थापना में पुलिस अधीक्षक जिला सागर बनाया गया है। संजीव सिन्हा को ग्वालियर से सागर भेजा गया है।
सागर के पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया भापुसे 2014 को हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया गया है।

वहीं देवास जिले में हुए शराबकांड के बाद पुलिस अधीक्षक जिला देवास श्री पुनीत गहलोत भापुसे 2017 को भी हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्हें भी सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है।
खाली हुई जगहों पर नई नियुक्ति में श्री आदित्य मिश्रा भापुसे 2018 जो अभी पुलिस अधीक्षक जिला बालाघाट थे, उन्हें पुलिस अधीक्षक जिला देवास बनाया गया है। आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारियों को अस्थाई रूप से आगामी आदेश पर्यन्त नवीन पद पर पदस्थ किया गया है।