
MP Lok Sabha Election Phase 3: राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस उन सीटों पर अधिक जोर लगा रही है, जहां उसे जरा भी संभावना नजर आ रही है। इसमें तीसरे चरण की चार लोकसभा सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा। इनमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर और राजगढ़ सीट शामिल हैं।
यहां राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट सहित अन्य वरिष्ठ नेता प्रचार कर चुके हैं। इनके उलट गुना, सागर, भोपाल, विदिशा और बैतूल सीट पर कोई नहीं पहुंचा। अब मतदान से एक दिन पहले राहुल गांधी चौथे चरण में शामिल रतलाम लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले जोबट और खरगोन सीट के अंतर्गत आने वाले सैगांव में सभा करेंगे। तीसरे चरण की सीटों पर मतदान सात मई और चौथे चरण का 13 मई को है।
छिंदवाड़ा, मंडला, मुरैना, धार और खरगोन ऐसी पांच लोकसभा सीट हैं जिसके अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में कांगेस अधिक सीटें जीती थी। तीसरे चरण की लोकसभा सीटों की बात करें तो मुरैना में कांग्रेस को आठ में से पांच, भिंड में आठ में चार, ग्वालियर में आठ में चार सीटें मिली थीं। इस कारण पार्टी को इन सीटों पर अधिक उम्मीद लग रही है।

दूसरा, राजगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भाजपा के दो बार के लोकसभा सदस्य रोडमल नागर को कड़ी टक्कर दे रहे हैँ। पार्टी को इस सीटभी बड़ी आस है। जातिगत समीकरणों को साधने के लिए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की राजगढ़ और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की राजगढ़ के अतिरिक्त ग्वालियर लोकसभा सीट में आनी वाली डबरा विधानसभा सीट पर सभा हुई।
भिंड में राहुल गांधी तो मुरैना में प्रियंका गांधी ने सभा की। पहले चरण में शामिल शहडोल और बालाघाट सीट पर भी राहुल गए थे, क्योंकि यहां भी कांग्रेस की अधिक उम्मीद लग रही थी।