
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । प्रदेश में मानसून की गतिविधियां मिली जुली हैं। कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा हो रही हैं तो बाकी के हिस्सों में फुहारें ही पड़ रही हैं। वर्तमान में कोई ताकतवर मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं होने से तेज या भारी वर्षा की स्थिति नहीं बन रही है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे अधिक वर्षा सिवनी में 61.6 मिमी दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त सतना में 44.4 मिमी, खजुराहो में 40.6 मिमी, नर्मदापुरम में 25.7 मिमी, गुना में 21.8 मिमी, ग्वालियर में 20.8 मिमी तो उमरिया में 19.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई।
(3).jpg)
वर्षा का क्रम सोमवार दिन में भी जारी रहा और सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच बैतूल में 42, खजुराहो में 29, मंडला में 22, उज्जैन में 13 तो भोपाल में आठ मिमी वर्षा दर्ज हुई। मौसम विभाग ने खंडवा, खरगोन, बैतूल, हरदा, सीहोर, विदिशा, आलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर और इंदौर में गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के पूर्व वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में अगले कुछ दिन मध्यम वर्षा का दौर जारी रहेगा। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा की स्थिति बनी रहेगी। इसके अतिरिक्त बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बन रहा है। यह कितना ताकतवर होता है और किस दिशा में आगे बढ़ेगा, यह आगामी दो दिनों में तय होगा।