
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में नौतपा के दूसरे दिन भीषण और झुलसाने वाली गर्मी से आम जनजीवन बुरी तरह बेहाल रहा। प्रदेश के दिन और रात दोनों के तापमान बढ़े हुए हैं। दिन के समय चुभती हुई धूप लोगों को झुलसा रही है, वहीं रात के समय हवाओं में मौजूद नमी के कारण उमस बढ़ी हुई है, जिससे रातें भी बेहद बेचैन करने वाली हो गई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान छतरपुर जिले के खजुराहो में 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इसी जिले के नौगांव में पारा 45.6 डिग्री रहा। प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में दिन का तापमान 42.2 डिग्री से 46.4 डिग्री और रात का न्यूनतम पारा 25.6 डिग्री से 31.0 डिग्री के बीच रहा। वहीं प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्रों दतिया में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री रहा, जबकि शेष हिस्सों में पारा 41.2 डिग्री से 45.2 डिग्री के बीच दर्ज हुआ। यहां रात का तापमान 25.0 डिग्री से 33.3 डिग्री तक पहुंचा।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि ग्वालियर और टीकमगढ़ में मंगलवार की रात बेहद गर्म रही। ग्वालियर में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक यानी 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भीषण गर्मी के बीच शाम होते-होते प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम ने करवट बदली। बुरहानपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी और पांढुर्णा में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी भोपाल में भी दोपहर तीन बजे के बाद धूप-छांव का सिलसिला चलने से लोगों को तीखी धूप से थोड़ी राहत मिली।
यह भी पढ़ें- अंधेरे का फायदा उठाकर कमरे में खींचा, मुंह में ठूंसा रूमाल, भाई का जन्मदिन मनाने आई मासूम से ताऊ ने की दरिंदगी
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 43.2 | 29.4 |
| इंदौर | 41.2 | 27.0 |
| ग्वालियर | 44.1 | 33.3 |
| जबलपुर | 43.9 | 30.0 |
(नोट: सभी तापमान डिग्री सेल्सियस में हैं)