भोपाल (राज्य ब्यूरो)। निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मतदाता सूची तैयार करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के बाद अब एक स्थान पर तीन वर्ष से पदस्थ कलेक्टर, एसपी सहित सीधे निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को हटाने के निर्देश मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दिए हैं। तीन वर्ष की अवधि 30 जून 2024 के आधार पर निर्धारित की जाएगी। इसके अनुसार बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को स्थानांतरित किया जाएगा। कुछ पुलिस अधीक्षक भी इस परिधि में आएंगे।
मार्च में लोकसभा चुनाव की घोषणा संभावित है। इसके अनुसार निर्वाचन आयोग चुनाव की तैयारियों में जुटा है। छह जनवरी से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन लिए जाएंगे। आठ फरवरी को सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। उधर, मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि उन अधिकारियों के तबादले किए जाएं, जो गृह जिले में पदस्थ हैं।
साथ ही जिन्हें चार वर्ष की अवधि में एक स्थान पर पदस्थ रहते तीन वर्ष हो चुके हैं, उन्हें भी हटाया जाए। इसकी परिधि में चुनाव कार्य में संलग्न अधिकारियों के अलावा अन्य समकक्ष अधिकारी भी आएंगे। आयोग के वरिष्ठ प्रमुख सचिव नरेंद्र एन बुटोलिया ने मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दिए निर्देश में कहा कि 30 जून 2024 की स्थिति में जिन अधिकारियों को एक स्थान पर पदस्थ रहते हुए तीन वर्ष हो चुके हैं या गृह जिले में पदस्थ हैं, उन्हें स्थानांतरित किया जाए।
मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस इस दायरे में आएंगे। उन्हें नौ फरवरी 2021 को पदस्थ किया था। वहीं, कुछ कलेक्टर ऐसे हैं, जिन्हें दो वर्ष नौ माह हो रहे हैं। इनके बारे में निर्णय आयोग करेगा। सामान्य प्रशासन विभाग को आयोग के निर्देश का पालन करके मुख्य सचिव की ओर से 31 जनवरी 2024 तक आयोग को पालन प्रतिवेदन भेजना होगा। हालांकि, हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के कारण ऐसे अधिकारियों की संख्या कम ही रहेगी।
आयोग के निर्देश की परिधि में जिला व उप निर्वाचन पदाधिकारी, रिटर्निंग आफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर, राजिस्ट्रीकरण व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के साथ अतिरिक्त, संयुक्त व उप कलेक्टर, तहसीलदार, विकासखंड और समकक्ष श्रेणी के अधिकारी आएंगे। इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक, कमांडेंट, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, निरीक्षक, उप निरीक्षक, रक्षित निरीक्षक और समक्षक श्रेणी के अधिकारियों के भी तबादले किए जाएंगे।