
MP News: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। राज्य सरकार द्वितीय विश्व युद्ध के भूतपूर्व सैनिक और दिवंगतों की पत्नियों की सम्मान निधि बढ़ाने जा रही है। अभी उन्हें प्रतिमाह आठ हजार रुपये मिल रहे हैं, इसे बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा।
द्वितीय विश्व युद्ध में भाग लेने वाले मध्यप्रदेश के नॉन पेंशनर भूतपूर्व सैनिक एवं उनकी विधवाओं को दी जाने वाली सम्मान निधि को ₹8 हजार से बढ़ाकर ₹15 हजार प्रतिमाह किया जा रहा है। वर्तमान में इनकी कुल संख्या 112 है। pic.twitter.com/fv6lHymWVG
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) July 25, 2023
यह जानकारी गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अभी 112 लोगों को पेंशन मिल रही है। इनमें दो भूतपूर्व सैनिक, दो भूतपूर्व सैनिकों की पत्नियां भी शामिल हैं।
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2023 के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 182 बंदियों की सशर्त रिहाई की जा रही है।
ऐसे बंदी जिनकी सजा के विरुद्ध अपील लंबित है,उनको अपील के निराकरण के उपरांत रिहाई की पात्रता होगी।
जिन्हें जुर्माना से दण्डित किया गया है,… pic.twitter.com/xVEn3Yvdb3
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) July 25, 2023
गृह मंत्री ने बताया कि 15 अगस्त को प्रदेश की जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 182 कैदियों को रिहा किया जाएगा। हालांकि, इनकी रिहाई के साथ कुछ शर्तें भी रहेंगी। जिन कैदियों की अपील लंबित है, उनका निराकरण होने पर ही रिहाई होगी।
इसके अतिरिक्त किसी और मामले में जमानत के इंतजार में जेल में हैं तो उन्हें विचाराधीन कैदी के रूप में रखा जाएगा। जिन्हें दूसरे राज्यों में भी किसी मामले में सजा मिली हुई है, उनका केस संबंधित राज्य को भेजा जाएगा। साथ ही जिन्हें अर्थदंड से दंडित किया गया है, उन्हें राशि जमा करने पर ही छोड़ा जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले एक वर्ष में दो बार 15 अगस्त और 26 जनवरी को रिहाई की जाती थी। पिछली वर्ष से दो अक्टूबर (गांधी जयंती) और डा. भीमराव आंबेडकर के जन्म दिवस (14 अप्रैल) को भी रिहाई की जा रही है।