MP News: दतिया के पूर्व विधायक रामदयाल प्रभाकर फिर भारतीय जनता पार्टी में शामिल
MP News: दतिया के पूर्व विधायक रामदयाल प्रभाकर ने पार्टी में अपमान की बात कहकर 2020 में दिया था भाजपा से त्यागपत्र।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Wed, 19 Apr 2023 08:41:29 PM (IST)
Updated Date: Wed, 19 Apr 2023 08:51:53 PM (IST)

MP News: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। दतिया जिले की सेवड़ा विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे रामदयाल प्रभाकर ने फिर भाजपा में वापसी की है। उन्होंने जुलाई 2020 में यह कहते हुए पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था कि भाजपा में पुराने कार्यकर्ताओं का अपमान हो रहा है। अब बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने उन्हें सदस्यता दिलाई।
भाजपा नमामि नर्मदे विभाग के जिला संयोजक घोषित
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की सहमति से संगठन के नमामि नर्मदे विभाग(प्रकोष्ठ) के प्रदेश संयोजक कमल राजपाल ने 19 जिलों के जिला संयोजकों की नियुक्ति की है। रामशरण कोरव दतिया, सुनील सोनी गुना, जितेंद्र शर्मा श्योपुर, पुष्पेंद्र सिंह परमार निवाड़ी, श्रीकृष्ण द्विवेदी रीवा, राजाराम केशरी सिंगरौली, शिवनारायण द्विवेदी शहडोल, साहब सिंह लोधी नरसिंहपुर, प्रशांत दुबे जबलपुर नगर, सचिन पाठकर सिवनी, चंद्रपाल रघुवंशी छिंदवाड़ा, कार्तिक परसारिया भोपाल ग्रामीण, अनिल महाजन बुरहानपुर, अशोक ओझा अलीराजपुर, मनोज पाल खरगौन, अमन राठौर बड़वानी, भेरूलाल पाटीदार रतलाम, दीपचंद्र गवली देवास एवं दशरथ पाटीदार को नीमच का जिला संयोजक नियुक्त किया है। पूर्व में विभाग के 23 जिला संयोजकों की नियुक्ति हो चुकी है।
कर्नाटक चुनाव प्रचार करने जाएंगे विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा कर्नाटक में हो रहे विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रचार करने जाएंगे। वह 25-26 अप्रैल को कर्नाटक की मलेश्वरम विधानसभा सीट पर बीजेपी का प्रचार करेंगे। यह बेंगलुरु साउथ की सीट है। प्रदेश के पार्टी के अन्य नेता भी प्रचार के लिए बारी-बारी से कर्नाटक जाएंगे।