MP News: विद्यार्थियों को विभिन्न भाषाएं सिखाने इग्नू की सहायता लेगा उच्च शिक्षा विभाग
MP News: जिला मुख्यालय के अग्रणी कालेज में अध्ययन केंद्र स्थापित किया जाएगा। ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Fri, 30 Jun 2023 07:22:09 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Jun 2023 08:45:01 PM (IST)

MP News: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के विद्यार्थियों को अलग-अलग भाषाएं सिखाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की मदद लेगा। प्रत्येक जिला मुख्यालय के अग्रणी कालेज में इग्नू का अध्ययन केंद्र स्थापित किया जाएगा।
अध्ययन केंद्र में प्रवेश लेकर विद्यार्थी विश्व की विभिन्न भाषाओं के पाठ्यक्रम का चयन कर उन्हें पढ़ सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने संबंधित क्षेत्रीय संचालकों को निर्देशित किया है कि शासकीय अग्रणी कालेजों में इग्नू के अध्ययन केंद्र स्थापित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई 30 दिन की समय-सीमा में पूर्ण कर शासन को इससे अवगत कराया जाए।
बेसिक एडवांस कोर्स शुरू करने मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
23 मार्च, 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यूथ महापंचायत में घोषणा की थी कि छात्रों को विभिन्न भाषाएं सिखाने के लिए बेसिक एडवांस कोर्स शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने कहा था कि वंचित वर्ग के युवाओं को शिक्षा प्रणाली से जोड़ने और आनलाइन कक्षाओं के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मुक्त शिक्षण प्रणाली संस्थान (एनआइओएस) स्थापित किए जाएंगे। इसके परिपालन में अब उच्च शिक्षा विभाग इग्नू की मदद से विभिन्न भाषाओं में युवाओं को कोर्स कराएगा।
केंद्र में जर्मन और जापानी भाषाएं सिखाई जाएगी
इग्नू के केंद्र में सर्टिफिकेट इन जर्मन लैंग्वेज (सीजीएल) और सर्टिफिकेट इन जापानी लैंग्वेज (सीजेएल) एवं अन्य पाठ्यक्रमों का अध्ययन करवाया जाएगा। वर्तमान में 37 कालेजों में इग्नू के अध्ययन केंद्र संचालित हैं। उच्च शिक्षा में अध्ययनरत छात्र दूरस्थ शिक्षा अथवा आनलाइन शिक्षा के माध्यम से एक अन्य डिग्री, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट अपनी मूल डिग्री के साथ कर सकते हैं। यह युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अन्य अवसरों का सृजन करने में सहायक होगा।