
MP News: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। प्रदेश में उचित मूल्य की दुकानों से दिए जाने वाले राशन के वितरण में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने सभी जिलों से रिपोर्ट बुलाई है। इसमें गड़बड़ी की बात सामने आने पर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्य कार्रवाई की जाएगी। भोपाल में 15 अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी जिलों में जांच दल बनाकर जांच कराई जा चुकी है। भोपाल जिले की जांच में 39 उचित मूल्य की दुकानों के संचालन में गड़बड़ी पाई गई थी। कहीं हितग्राहियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के हिस्से के खाद्यान्न नहीं मिला तो कहीं मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना का राशन नहीं दिया गया। जांच में अन्य कमियां भी सामने आई थीं।
जांच दल में शामिल अधिकारियों ने हितग्राहियों से पूछताछ भी नहीं की। इसी तरह की गड़बड़ियों की जानकारी अन्य जिलों से भी प्राप्त हो रही हैं। इसके पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राशन वितरण की गड़बड़ियों पर तीन जिला अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर चुके हैं। खाद्य संचालक दीपक सक्सेना का कहना है कि जांच दलों की रिपोर्ट बुलाई गई हैं। इनका परीक्षण किया जाएगा और इसमें यदि गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो दोषी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।