
MP News: भोपाल। मध्य प्रदेश के वाणिज्यिक कर विभाग ने जीएसटी राजस्व संग्रहण का नया रिकॉर्ड बनाया है। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा माह दिसंबर 2023 में 3304 करोड़ रु जीएसटी राजस्व प्राप्त किया गया है । यह राशि जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने के उपरांत किसी भी माह में प्राप्त सर्वाधिक राजस्व है ।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने दी जानकारी
इस उपलब्धि की जानकारी मप्र के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर दी है। उन्होंने लिखा कि वाणिज्यिक कर विभाग की इस ऐतिहासिक उपलब्धि हेतु मध्य प्रदेश के कर्मठ करदाता, कर सलाहकार, चार्टर्ड एकाउंटेंटस एवं विभागीय अधिकारी बधाई के पात्र हैं । उपमुख्यमंत्री के पास वित्त विभाग के साथ ही वाणिज्य कर तथा आर्थिक व सांख्यिकी विभाग का दायित्व भी है।
सीएम मोहन यादव ने दी बधाई
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने भी इस पर बधाई दी है। सीएम ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया कि जीएसटी राजस्व के रिकॉर्ड संग्रहण की उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और वाणिज्यिक कर विभाग की पूरी टीम को हार्दिक बधाई। साथ ही हमारे प्रदेश के करदाताओं को भी उनके निरंतर समर्थन और विश्वास के लिए धन्यवाद।
सीएम ने लिखा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अर्थ-व्यवस्था के अपने ऊंचे लक्ष्यों की प्राप्ति में मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।