यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP News: मध्य प्रदेश की आइटी नीति तैयार, शोध आधारित विकास पर फोकस
MP News: मध्य प्रदेश की आइटी नीति में आइटी आधारित निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचा पर जोर।
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Mon, 26 Jun 2023 07:11:03 PM (IST)Updated Date: Mon, 26 Jun 2023 07:11:03 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र MP News: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश की आइटी नीति लगभग तैयार हो गई है। नई आइटी नीति में निवेश, रोजगार, नवाचार और उद्योगों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। मध्य प्रदेश की आइटी- आइटीईएस और ईएसडीएम नीति शीघ्र ही घोषित और लागू की जाएगी।
यह जानकारी सोमवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने दी है। उन्होंने नीति के प्रारूप की समीक्षा भी की। मंत्री सखलेचा ने बताया कि इस नीति का लक्ष्य सभी कारकों का समावेश कर आइटी क्षेत्र की वृद्धि और विकास के लिए एक जीवंत तथा समावेशी पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर मध्य प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाना है।
उन्होंने बताया कि 2023 के लिए मध्य प्रदेश की आइटी, आइटीईएस, ईएसडीएम नीति उद्योग जगत से विचार-विमर्श के विभिन्न सत्रों और विभिन्न राज्य की नीतियों की बेंचमार्किंग के पश्चात बनाई गई है। नीति का प्रमुख उद्देश्य प्रोत्साहन प्रदान कर और नियामक प्रक्रियाओं को सरल बनाकर आइटी, आइटीईएस, ईएसडीएम क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करना है। यह नीति व्यवसाय-अनुकूल वातावरण बनाने और उद्योगों के विकास के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा प्रदान करने पर केंद्रित है।
नीति में इलेक्ट्रानिक सिस्टम डिजाइन और विनिर्माण (ईएसडीएम) क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया है और पूंजी सब्सिडी कैपिंग को बढ़ाकर उनका समर्थन किया गया है। प्रारूप नीति में ईएसडीएम इकाइयों में निवेश आकर्षित करना, स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा देना और एक मजबूत आपूर्ति श्रृंखला पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना शामिल है। ड्राफ्ट नीति विविध औद्योगिक परिदृश्य और समावेशिता के महत्व को प्रदर्शित करती है। यह नीति वृहद और एमएसएमई दोनों प्रकार के उद्योगों की विशिष्ट आवश्यकताओं को संबोधित करती है।
अगले पांच साल में 10 हजार करोड़ का निवेश और दो लाख नौकरियां सृजित करने का लक्ष्य
मंत्री सखलेचा ने बताया कि नीति का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में मध्य प्रदेश में आइटी, आइटीईएस, ईएसडीएम क्षेत्र में 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित कर दो लाख नई नौकरियां सृजित करना है। इसमें 10 मिलियन वर्गफुट आइटी, ईएसडीएम अधाेसंरचना स्पेस का निर्माण, राज्य भर में अत्याधुनिक आइटी पार्क, भवन, प्लग एंड प्ले स्पेस को आइटी,आइटीईएस, ईएसडीएम के लिए प्लग एंड प्ले और रेडी टू बिल्ड फ़ैक्टरियां शामिल कर बुनियादी ढांचा खड़ा करने पर जोर दिया गया है। राज्य में अनुसंधान एवं विकास और नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा देना भी नीति का अहम हिस्सा है।