MP News: मंत्री प्रभार के जिले में इसी महीने दो दिनों के लिए जाएं और विकास कार्यों की समीक्षा करें : सीएम शिवराज
मुख्यमंत्री ने रात्रि भोज के दौरान अपने कैबिनेट सहयोगियों से कहा। चुनाव का समय आ गया है, मजबूती के साथ जुट जाएं। मुख्यमंत्री आवास में रात्रि भोज से पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से जन सेवा अभियान, पेसा के नियम सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 07 Dec 2022 10:09:41 AM (IST)
Updated Date: Wed, 07 Dec 2022 10:09:41 AM (IST)

भोपाल (राज्य ब्यूरो)। चुनाव का समय आ गया है। मजबूती के साथ जुट जाएं। जन सेवा अभियान में बहुत अच्छा काम हुआ है। 83 लाख हितग्राही विभिन्न् योजनाओं के लिए चिह्नित हुए हैं। इन्हें समारोह करके लाभ वितरण करना है। दिसंबर में सभी मंत्री अपने प्रभार के जिले में दो दिन के लिए जाएं और विकास के कामों की समीक्षा करें। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मंत्रियों को दिए रात्रि भोज के दौरान कही।
मुख्यमंत्री आवास में रात्रि भोज से पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से जन सेवा अभियान, पेसा के नियम सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए जन सेवा अभियान में केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के 83 लाख पात्र हितग्राही चिह्नित हुए हैं। बैतूल से हितग्राहियों को लाभ वितरण का कार्य प्रारंभ कर दिया है। संभागवार समारोह होंगे। जिला स्तरीय आयोजनों में मंत्री भागीदारी करें। लाभार्थियों से जीवंत संपर्क रखें।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि सर्वे का काम चल रहा है। इस पर अलग से चर्चा करें। विकास योजनाओं पर ध्यान दें और यह सुनिश्चित करें कि क्रियान्वयन अच्छे से हो। बैठक में मंत्रियों ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान और पेसा के नियम के प्रभाव को लेकर अपनी बात रखी। बैठक के बाद सरकार के प्रवक्ता गृह मंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से आग्रह किया है कि वे जब प्रभार के जिलों में जाएं तो छात्रावास, सीएम राइज स्कूल, उचित मूल्य की राशन दुकानों का निरीक्षण भी करें।