MP News: भोपाल में खुला एनआइए का थाना, पूरे प्रदेश पर रखी जाएगी नजर
जहांगीराबाद इलाके में खोला गया है एनआइए का थाना। प्रदेश पुलिस प्रतिनियुक्ति पर 50 अधिकारी-कर्मचारी एजेंसी को देगी।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 28 Dec 2022 01:47:54 PM (IST)
Updated Date: Wed, 28 Dec 2022 03:15:58 PM (IST)
Madhya Pradesh News: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में आतंकी गतिविधियों को रोकने के मकसद से राष्ट्रीय जांच एजेंसी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने एक नई पहल की है। मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने अपना स्थायी ठिकाना बना लिया है। एजेंसी का भोपाल में जहांगीराबाद में थाना खोल दिया गया है। गृह विभाग ने मंगलवार को इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस थाने का संपूर्ण मध्य प्रदेश कार्यक्षेत्र रहेगा। थाने के लिए फिलहाल ओल्ड क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट बिल्डिंग दी गई है। स्थायी ठिकाना मिलने तक यह थाना यहीं काम करेगा।
यहां यह गौरतलब है कि भोपाल में 13 मार्च 2022 को जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के कुछ आतंकी पकड़े गए थे। इसके बाद रतलाम में सूफा के आतंकी विस्फोटक के साथ पकड़े गए थे। तभी से एजेंसी ने भोपाल में स्थायी ठिकाना बना लिया है। देश के 12 राज्यों में एजेंसी की शाखाएं हैं। अब मध्य प्रदेश को मिलाकर देश में एजेंसी की 13 शाखाएं हो गई हैं। जांच-पड़ताल के लिए एजेंसी को प्रदेश पुलिस से प्रतिनियुक्ति पर 50 अधिकारी और कर्मचारी दिए जा रहे हैं।