भोपाल (राज्य ब्यूरो)। शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, बालाघाट, रीवा और सीहोर के भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं के बाद अब इंदौर के भाजपा नेता पार्टी छोड़कर अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता लेंगे। 23 सितंबर को भोपाल के स्थान पर इंदौर में ही कार्यक्रम होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ वहां दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले प्रमोद टंडन भी थे। वे इंदौर शहर कांग्रेस के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे। उन्हें पार्टी ने प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया पर वैसी पूछपरख नहीं हुई, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। उन्होंने 18 सितंबर को भाजपा से त्यागपत्र दे दिया और अब घर वापसी कर रहे हैं।
इसी तरह भाजपा से लंबे समय से जुड़े राऊ विधानसभा क्षेत्र के दिनेश मल्हार ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। वे भी समर्थकों के साथ 23 सितंबर को कांग्रेस का हाथ थामेंगे। मल्हार धाकड़ समाज के संगठन से भी जुड़े हैं। दोनों ही नेताओं का राऊ विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभाव है। कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों का कहना है कि भाजपा से नेताओं और कार्यकर्ताओं को मोहभंग हो रहा है क्योंकि अब वहां कार्यकर्ताओं की पूछपरख नहीं रह गई है।