
MP News: राज्य ब्यूरो, भोपाल। 1988 बैच के आइएएस अधिकारी संजय बंदोपाध्याय की सेवाएं केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश को लौटा दी हैं। इसके बाद उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग में उपस्थिति दे दी है। उधर, अपर मुख्य सचिव एसएन मिश्रा को कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। यह दायित्व अभी तक अतिरिक्त प्रभार के तौर पर प्रभारी मुख्य सचिव वीरा राणा के पास था। इस निर्णय से संभावना जताई जा रही है कि वीरा राणा बतौर मुख्य सचिव अपना कार्यकाल पूरा करेंगी।
एनएन मिश्रा को अतिरिक्त प्रभार
प्रदेश सरकार ने मंगलवार को अपर मुख्य सचिव नर्मदा घाटी विकास, उपाध्यक्ष नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण एनएन मिश्रा काे जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण के साथ अब कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया है। उनके कार्यभार संभालने पर वीरा राणा इस दायित्व से मुक्त होंगी।
सुखवीर सिंह को अतिरिक्त दायित्व
वहीं, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अभी इसका अतिरिक्त प्रभार अपर मुख्य सचिव वन जेएन कंसोटिया के पास था।
राणा मार्च में सेवानिवृत्त होंगी
सूत्रों का कहना है कि संजय बंदोपाध्याय और वीरा राणा 1988 बैच के अधिकारी हैं। राणा मार्च में सेवानिवृत्त होंगी तो बंदोपाध्यक्ष की सेवानिवृत्ति अगस्त में है। मार्च में लोकसभा चुनाव की घोषणा संभव है।
तब चुनाव आयोग करेगा फैसला
इसके पहले यदि सरकार मुख्य सचिव को लेकर निर्णय नहीं करती है तो फिर पदस्थापना की गेंद चुनाव आयोग के पाले में चली जाएगी और सरकार बिना उसकी सहमति पदस्थापना नहीं कर पाएगा। उल्लेखनीय है कि जब इकबाल सिंह बैंस मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे तब विधानसभा चुनाव की आचार संहिता प्रभावी थी और आयोग की सहमति से वरिष्ठता के आधार पर वीरा राणा को मुख्य सचिव पद का प्रभार दिया गया था।