MP News: कर्मचारी चयन मंडल ने ग्रुप-5 संयुक्त भर्ती व उच्च माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा के नतीजे जारी किए, अभ्यर्थी ऐसे देखें अपना रिजल्ट
ईएसबी ने ओबीसी आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के परिप्रेक्ष्य में 87 प्रतिशत पदों को मुख्य भाग मानकर रिजल्ट वर्गवार जारी किया। 13 प्रतिशत पद होल्ड किए।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 14 Feb 2024 09:05:07 AM (IST)
Updated Date: Wed, 14 Feb 2024 09:05:07 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- 26 जून से तीन जुलाई 2023 के मध्य आयोजित हुई थी भर्ती परीक्षा।
- ओबीसी आरक्षण विवाद के कारण सात महीने बाद यह रिजल्ट जारी हो सका।
भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने ग्रुप-5 संयुक्त परीक्षा-2023 और उच्च माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2023 की परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए है। यह परीक्षा स्टाफ नर्स, एनएनएम, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी व अन्य समकक्ष पदों की सीधी भर्ती व बैकलॉग-सीधी भर्ती के लिए 26 जून से तीन जुलाई 2023 को आयोजित की गई थी। आरक्षण विवाद के कारण सात महीने बाद यह रिजल्ट जारी हो सका। ओबीसी के 27 प्रतिशत आरक्षण के साथ विभिन्न विभागों के अंतर्गत 4852 पद विज्ञापित किए गए थे। दोनों परीक्षाओं के परिणाम में ओबीसी आरक्षण विवाद के कारण 13 प्रतिशत होल्ड किए और 87 प्रतिशत पदों को मुख्य भाग मानकर रिजल्ट वर्गवार घोषित किया गया।
13 फीसदी पदों पर रोका नतीजा
मुख्य भाग में 4610 पद आए। वहीं 13 प्रतिशत यानी, 242 पद होल्ड किए। 226 पदों पर योग्य उम्मीदवार नहीं मिले हैं। इस संयुक्त भर्ती परीक्षा के लिए 95 हजार 299 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 66930 परीक्षा में शामिल हुए। ईएसबी ने रिजल्ट नोट जारी कर बताया है कि आरक्षण मामले में हाईकोर्ट में प्रकरण विचाराधीन है। कोर्ट का अंतिम निर्णय आने के बाद 13 प्रतिशत पद के परीक्षा परिणाम घोषित करने के संबंध में कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
अभ्यर्थी अपना रिजल्ट कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर इस तरह चेक कर सकते हैं। वेबसाइट के होम पेज पर आपको Result - Group-5 की लिंक पर क्लिक करना होगा। इससे एक नया पेज खुलेगा, जिसमें आपको अपना एप्लीकेशन नंबर, डेट ऑफ बर्थ एवं दिया गया कोड भरना होगा। इसके बाद सर्च बटन पर क्लिक कर दें। इससे आपका परीक्षा परिणाम स्क्रीन पर ओपन हो जाएगा, जहां से आप इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
उच्च माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा का परिणाम भी जारी
उच्च माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2023 की परीक्षा दो अगस्त 2023 में आयोजित की गई थी। स्कूल शिक्षा विभाग के 7591 और जनजातीय कार्य विभाग के 1129 पदों पर नियुक्ति की जानी है। पदों की विज्ञप्ति में पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रविधान था, लेकिन उच्चतम न्यायालय ने इस पर रोक लगा रखी है, इसलिए अब परिणाम घोषित होने पर 13 प्रतिशत पदों को होल्ड पर रखा जाएगा।अब इसमें पात्र अभ्यर्थिेयों को आनलाइन काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया जाएगा।