यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रविवार को बंद रहेगा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, खुलने-बंद होने का समय भी किया निर्धारित, भाजपा ने कसा तंज
रविवार को मप्र कांग्रेस का कार्यालय बंद रहेगा। बाकी दिनों में यह सुबह 11 से शाम छह बजे तक खुलेगा। इसकी सूचना भी मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर लगा दी गई है। 15 अगस्त तक कार्यालय में रंग-रोगन सहित सभी व्यवस्थाएं हो जाएंगी। पूरा कार्यालय वाईफाई सुविधा से युक्त होगा।
Publish Date: Thu, 08 Aug 2024 03:00:07 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Aug 2024 05:49:43 PM (IST)
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के गेट पर लगा बोर्ड।HighLights
- भाजपा ने कहा, कॉर्पोरेट कल्चर से चलेगी प्रदेश कांग्रेस।
- सूचना पट्टिका को लेकर कांग्रेस के भीतर उठे विरोधी स्वर।
- कांग्रेस कार्यालय का किया जा रहा है नवीनीकरण।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को पूरी तरह से सन्नाटा रहता था। कोई व्यवस्था न होने के कारण पदाधिकारी नहीं आते थे। अब यह व्यवस्था अधिकृत तौर पर लागू की जा रही है। रविवार को कार्यालय बंद रहेगा। बाकी दिनों में यह सुबह 11 से शाम छह बजे तक खुलेगा। इसकी सूचना भी मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर लगा दी गई है। 15 अगस्त तक कार्यालय में रंग-रोगन सहित सभी व्यवस्थाएं हो जाएंगी। पूरा कार्यालय वाईफाई सुविधा से युक्त होगा।
उठे विरोधी स्वर, पट्टिका तोड़ी
बहरहाल, कार्यालय की समयावधि निर्धारित करने को लेकर मुख्यालय के बाहर लगाई गई पट्टिका से भाजपा को कांग्रेस पर तंज कसने का मौका मिल गया। भाजपा की ओर से कहा गया कि अब कांग्रेस कॉर्पोरेट कल्चर से चलेगी। पार्टी के भीतर भी कुछ नेताओं ने इसका विरोध किया। युवा नेता विवेक त्रिपाठी और अमित शर्मा ने गेट पर लगी पट्टिकाएं उखाड़कर तोड़ दीं।
किया जा रहा नवीनीकरण
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री प्रशासन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मांग और आधुनिक समय से सामंजस्य स्थापित करते हुए प्रदेश मुख्यालय का नवीनीकरण किया जा रहा है। यह कार्य 15 अगस्त तक पूरा हो जाएगा। पदाधिकारियों, कर्मचारियों की बैठक व्यवस्था, मीटिंग हाल, कांग्रेसजनों बैठने एवं भेंट करने के साथ बाग-बगीचे को नया स्वरूप दिया गया है। भवन के तृतीय तल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक व्यवस्था रहेगी। सभाकक्ष और पदाधिकारियों के कक्ष भी बनाए गए हैं।
दूसरे और पहले तल पर भी पदाधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक व्यवस्था रखी गई है। भूतल पर बड़ी बैठकों के लिए बड़ा सभागार, नेता प्रतिपक्ष का कक्ष, मीडिया अध्यक्ष, प्रवक्ताओं और मीडिया कार्यालय का रंगरोगन कर आधुनिक बनाया गया है। दूसरे तल के सभाकक्ष में सभी प्रदेश अध्यक्ष, विभाग अध्यक्ष, मीडिया अध्यक्ष के साथ देश के राष्ट्रीय नेताओं के छायाचित्र की प्रदर्शनी लगाई गई है। परिसर में ही मां रेवा के नाम से कैंटीन भी खोला गया है, ताकि सस्ती दरों पर सभी भारतीय, साउथ इंडियन व्यजंनों के साथ चाय-नाश्ता भी मिलेगा। 15 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान मोर्चा संगठनों महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआइ और सेवादल के प्रतीक ध्वज भी परिसर में लगाए जाएंगे।
भाजपा प्रवक्ता ने कसा तंज
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने इस मामले को लेकर तंज कसा और कहा है कि जीतू पटवारी की मध्य प्रदेश कांग्रेस अब कारपोरेट कल्चर से चलेगी। शाह छह बजे के बाद और रविवार को कांग्रेस जन छुट्टी पर रहकर मस्त रहेंगे। इस निर्णय को लेकर आक्रोश भी सामने आ गया है। कुछ लोगो ने बोर्ड तोड़ कर फेंक दिया है। देश के इतिहास में पहली बार किसी राजनीतिक दल ने इस तरह का निर्णय लिया है।