नईदुनिया प्रतिनिधि, नई दिल्ली। एमपी में प्रोमोशन विवाद पर सरकार का कोर्ट में जवाब, जबलपुर एयरपोर्ट उड़ाने की धमकी, श्रावण से पहले महंगा नारियल, मौसम समेत दिनभर सुर्खियों में रहीं प्रदेश की बड़ी खबरें।
मध्य प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए नए नियम बनाए हैं, लेकिन ये नियम हाई कोर्ट में चुनौती का सामना कर रहे हैं। सरकार ने कैविएट दायर की थी, लेकिन कोर्ट में मजबूत जवाब नहीं दे पाई। अब 15 जुलाई को अगली सुनवाई है, जिसमें सरकार को अपना पक्ष रखना होगा। इस मामले को लेकर कर्मचारी दो धड़े में बंट गए हैं।
मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है, जिसमें पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, आज सिवनी, मंडला, बालाघाट सहित कई जिलों में भारी बारिश होने के आसार। कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
इंदौर में नारियल के दाम आसमान छू रहे हैं। खेरची बाजार में नारियल की कीमतें 30 से 35 रुपये प्रति नग तक पहुंच गई हैं। गुरुपूर्णिमा और श्रावण मास में श्रीफल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं को अधिक पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। नारियल के दाम बढ़ने की वजह दक्षिण भारत में नारियल तेल की मांग बढ़ना है।
जबलपुर एयरपोर्ट को एक बार फिर आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। 8 दिन में यह दूसरा ईमेल है, जिसमें दावा किया गया है कि यात्रियों के बैग में आरडीएक्स है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसके बाद पूरे यात्रियों और एयरपोर्ट की जांच कर ली है। धमकी फर्जी है। जिसके बाद प्रबंधन ने अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।