MP News: छह आइपीएस और एक रापुसे के अधिकारी का तबादला, शैलेंद्र सिंह मुरैना व मनीष खत्री भिंड एसपी बने
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हटाए गए आशुतोष बागरी को विसबल 17वीं वाहिनी का सेनानी बनाया!
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sat, 29 Apr 2023 02:31:19 PM (IST)
Updated Date: Sat, 29 Apr 2023 02:31:54 PM (IST)

भोपाल (राज्य ब्यूरो)। राज्य शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के छह और राज्य पुलिस सेवा के एक अधिकारी को इधर से उधर कर दिया है। भिंड के पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह को मुरैना का पुलिस अधीक्षक बनाया है। वहीं, उनकी जगह मनीष खत्री को भिंड का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। लगभग 10 दिन पहले मुरैना में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर हटाए गए आशुतोष बागरी को पुलिस मुख्यालय में सहायक महानिरीक्षक से विशेष सशस्त्र बल (विसबल) 17वीं वाहिनी में सेनानी बनाया गया है।
मनीष खत्री राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) संवर्ग में पदोन्नति के लिए दो मई को डीपीसी है। इसके बाद उन्हें आइपीएस अवार्ड हो जाएगा। इस कारण उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा निमिष अग्रवाल पुलिस उपायुक्त (अपराध) इंदौर की पीटीसी इंदौर के पद पर की गई पदस्थापना को रद करते हुए उन्हें यथावत रखा गया है। सूरज कुमार वर्मा पुलिस उपायुक्त इंदौर को सेनानी, प्रथम वाहिनी विसबल इंदौर बनाया गया है। यांगचेन डोलकर भुटिया सेनानी प्रथम वाहिनी विसबल इंदौर को पुलिस अधीक्षक पीटीसी इंदौर के साथ ही सेनानी आरएपीटीसी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उज्जैन में एएसपी आइपीएस अधिकारी अभिषेक आनंद को पुलिस उपायुक्त (जोन-2) इंदौर बनाया गया है।