MP NHM Recruitment 2026: स्वास्थ्य सेवाओं में नौकरी का मौका, NHM ने 33 संविदा पदों की भर्ती निकाली
मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने संविदा आधार पर 33 पदों पर भर्ती निकाली है।
Publish Date: Sat, 22 Aug 2026 10:03:09 PM (IST)Updated Date: Sat, 22 Aug 2026 10:05:58 PM (IST)
मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में नौकरी का मौका। (फाइल फोटो)HighLights
- एनएचएम ने कुल 33 संविदा पदों पर भर्ती निकाली।
- सहायक कार्यक्रम प्रबंधक के 23 पद शामिल किए गए।
- पब्लिक हेल्थ मैनेजर के 10 पद निर्धारित हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने 33 पदों पर संविदा भर्ती निकाली है। इसमें सहायक कार्यक्रम प्रबंधक के 23 और पब्लिक हेल्थ मैनेजर के 10 पद शामिल हैं। इन नियुक्तियों से जिला और ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य योजनाओं की मानिटरिंग, बजट प्रबंधन और सेवाओं की गुणवत्ता पर निगरानी मजबूत होने की उम्मीद है।
सहायक कार्यक्रम प्रबंधक की जिम्मेदारी
- एनएचएम के तहत सहायक कार्यक्रम प्रबंधक का काम मुख्य रूप से प्रशासनिक और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ा होगा। ये अधिकारी मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की योजना, बजट और प्रशासनिक गतिविधियों में सहयोग करेंगे।
- स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण, फंड के उचित उपयोग और अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय भी इनकी जिम्मेदारी होगी।
पब्लिक हेल्थ मैनेजर की भूमिका
- वहीं, पब्लिक हेल्थ मैनेजर की भूमिका सीधे जमीनी स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी से जुड़ी होगी। ये अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर नजर रखेंगे। डेंगू, मलेरिया, टीबी जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के साथ स्वास्थ्य नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भी इनके कार्यक्षेत्र में होगी।
इसके अलावा आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य गतिविधियों की समीक्षा में भी इनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।