राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल (Hemant Khandelwal)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और आगे के कार्यक्रमों की प्रगति देखने के लिए प्रदेशभर का दौरा करेंगे। जिला संभाग और फिर प्रदेश स्तर पर किए जाने वाले यह दौरे तीन चरणों में होंगे। खंडेलवाल ग्वालियर से इसकी शुरुआत करेंगे। वह 17 जुलाई को ग्वालियर में भाजपा की संभागीय बैठक लेंगे। इस दौरान पार्टी के कामकाज की स्थिति भी देखेंगे।
ग्वालियर क्षेत्र भाजपा के लिए राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां से भले ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और मप्र के चार मंत्री है, लेकिन कांग्रेस से काफी जूझना पड़ता है। ग्वालियर रीजन से कांग्रेस के 17 विधायक है। ऐसे में, भाजपा यहां अपनी पैठ और मजबूत करना चाहती है। लिहाजा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने अपनी पहली संभागीय बैठक के लिए ग्वालियर का चयन किया है।
वह ग्वालियर में पदाधिकारियों की जिम्मेदारी, उनके कामकाज और पार्टी द्वारा दिए गए लक्ष्यों की पूर्ति का फीडबैक लेंगे। इस दौरान पुराने कार्यकर्ता, जो अब भले ही सक्रिय नहीं हैं लेकिन, जनसंघ और भाजपा में उन्होंने योगदान दिया है उनसे मिलेंगे। उनके घर जाएंगे और उनका हालचाल जानेंगे। कार्यक्रम बनाने की जिम्मेदारी जिला अध्यक्ष की होगी। इसके बाद खंडेलवाल 19 जुलाई को जबलपुर में संभागीय बैठक लेंगे।
जबलपुर के बाद खंडेलवाल का रीवा संभाग का भी दौरा प्रस्तावित है। खंडेलवाल ने एक दिन पहले ही सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक में स्पष्ट कर दिया था कि वह संभागों का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा था कि मैं संभागों के दौरों का कार्यक्रम बना रहा हूं। मैं और संगठन महामंत्री हितानंद दोनों संयुक्त रूप से संभागों का दौरा करेंगे।